अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर बड़ा आर्थिक फैसला लेने का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि 1 अगस्त से भारत पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा, साथ ही कुछ अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क भी लागू होंगे।
ट्रंप ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारत की व्यापार नीतियों और रूस के साथ संबंधों पर नाराज़गी जताई। उन्होंने लिखा, “भारत हमारा दोस्त है, लेकिन हमने वर्षों से उनके साथ बहुत कम व्यापार किया है क्योंकि उनके टैरिफ दुनिया में सबसे अधिक हैं। इसके अलावा, भारत गैर-राजकोषीय व्यापार अवरोधों के मामले में सबसे कठोर और असहनीय देशों में से एक है।”
रूस से सैन्य और ऊर्जा खरीद पर आपत्ति
ट्रंप ने भारत की रूस पर निर्भरता को लेकर भी कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत आज भी अपनी अधिकांश सैन्य जरूरतों के लिए रूस पर निर्भर है और ऊर्जा के सबसे बड़े खरीदारों में से एक है।
उन्होंने आगे कहा, “जब पूरी दुनिया चाहती है कि रूस यूक्रेन में हत्याएं बंद करे, उस समय भारत और चीन जैसे देश रूस से बड़े पैमाने पर ऊर्जा खरीद रहे हैं। यह सब अच्छी बात नहीं है!”
अतिरिक्त सज़ा का भी एलान
ट्रंप ने अपने बयान के अंत में साफ किया कि 25% टैरिफ के साथ-साथ भारत को अतिरिक्त “पेनल्टी” भी चुकानी होगी, जो उपरोक्त सभी कारणों को ध्यान में रखते हुए लगाई जा रही है।

ट्रंप की स्पष्ट चेतावनी
अपने ट्रेडमार्क अंदाज़ में ट्रंप ने संदेश के अंत में लिखा, “THANK YOU FOR YOUR ATTENTION TO THIS MATTER. MAGA!” यानी, “इस मुद्दे पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद – अमेरिका को फिर से महान बनाना है!”
भारत-अमेरिका व्यापार पर पड़ सकता है असर
ट्रंप के इस एलान से भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है। यदि यह निर्णय लागू होता है, तो भारत से अमेरिका को होने वाला निर्यात महंगा हो जाएगा, जिससे भारतीय उद्योगों पर सीधा असर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: पांचवें टेस्ट से बाहर हुआ इंग्लैंड का यह दिग्गज खिलाड़ी
अब देखना यह होगा कि भारत सरकार इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया देती है और दोनों देशों के रिश्तों पर इसका दीर्घकालिक प्रभाव क्या होता है।









