कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हजारों की संख्या में पहुंचे फुटबॉल प्रेमियों को अपने पसंदीदा खिलाड़ी लियोनेल मेसी को करीब से देखने का मौका नहीं मिला। मेसी की एक झलक की उम्मीद में आए दर्शक जब निराश हुए, तो उनका गुस्सा स्टेडियम में साफ नजर आया।
नाराज फैंस ने स्टैंड से बोतलें और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए। सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लियोनेल मेसी को स्टेडियम से बाहर ले जाया गया।
“12 हजार की टिकट ली, फिर भी कुछ नहीं दिखा”
एक गुस्साए फैन ने कहा कि उन्होंने मेसी को देखने के लिए करीब 12 हजार रुपये की टिकट खरीदी थी, लेकिन स्टेडियम में आम दर्शकों को उनसे काफी दूर रखा गया। फैन का आरोप था कि मेसी के आसपास सिर्फ नेता, मंत्री और फिल्मी सितारे मौजूद थे, जबकि असली फैंस को पीछे धकेल दिया गया।
सिर्फ कुछ मिनट की मौजूदगी
दर्शकों का कहना है कि मेसी मुश्किल से 10 मिनट के लिए स्टेडियम में आए और बिना फुटबॉल खेले ही लौट गए। एक फैन ने कहा, “न उन्होंने गेंद को किक किया, न कोई पेनल्टी ली। हमारे पैसे, समय और भावनाओं के साथ मजाक किया गया।”
आयोजकों पर वादाखिलाफी का आरोप
फैंस ने आयोजनकर्ताओं पर खराब प्रबंधन और झूठे वादों का आरोप लगाया। कई लोगों का कहना है कि कार्यक्रम से पहले यह भी कहा गया था कि अभिनेता शाहरुख खान भी इसमें शामिल होंगे, लेकिन वे नजर नहीं आए। इससे दर्शकों की नाराजगी और बढ़ गई।
यह भी पढ़ें: भारतीय क्रिकेट में आया फिक्सिंग का नया मामला, चार खिलाड़ी निलंबित
घटना के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि इतने बड़े आयोजन में दर्शकों की उम्मीदों और सुरक्षा का सही तरीके से ध्यान क्यों नहीं रखा गया। फिलहाल, आयोजकों की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।









