केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से मिले खुफिया इनपुट के बाद यह कदम उठाया गया है। मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर आगाह किया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की ओर से शिवराज सिंह चौहान को लेकर गतिविधियां देखी गई हैं और उनके संबंध में जानकारियां जुटाने की कोशिश की जा रही थी।
भोपाल और दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा
सूत्रों के अनुसार, भोपाल में शिवराज सिंह चौहान के 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 आवास के आसपास अतिरिक्त बैरिकेडिंग कर दी गई है। वहीं, दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर भी सुरक्षा इंतजाम और सख्त कर दिए गए हैं। हालांकि केंद्रीय मंत्री को पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, लेकिन ताजा इनपुट के बाद सुरक्षा घेरा और मजबूत किया गया है।
इनपुट मिलने के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने भोपाल और दिल्ली दोनों जगह सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। शुक्रवार देर रात भोपाल स्थित आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती देखी गई।
गृह मंत्रालय के सख्त निर्देश
गृह मंत्रालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो। इसके तहत मध्य प्रदेश के डीजीपी के साथ-साथ राज्य के मुख्य सचिव को भी हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (सुरक्षा) को भी केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: कोलकाता में मेसी की झलक न मिलने से भड़के फैंस, किया हंगामा
खुफिया एजेंसियों की सतर्कता
गृह मंत्रालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की सलाह के बाद शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा जांच की गई है। पत्र में यह भी कहा गया है कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों को हालात के अनुसार समायोजित किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह रोका जा सके।









