शतरंज ओलंपियाड के प्रदर्शन से मिली विश्व कप में जगह
FIDE के अनुसार, ओलंपियाड में बेहतर प्रदर्शन करने वाली राष्ट्रीय टीमों के महासंघों को 2027 के विश्व कप और महिला विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन स्पॉट दिए गए हैं। ओपन वर्ग में 83 राष्ट्रीय महासंघों और महिला वर्ग में 45 महासंघों ने ओलंपियाड के आधार पर स्थान हासिल किया है।
इन प्रतियोगिताओं (Chess Tournament) में ओलंपियाड के जरिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों के साथ वे खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे, जिन्होंने अन्य निर्धारित रास्तों से अपनी जगह बनाई है।
महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं को भी मिले क्वालीफिकेशन के अवसर
FIDE के नियमों के तहत प्रत्येक महाद्वीप को ओलंपियाड में मिले कुछ क्वालीफिकेशन स्पॉट अपनी संबंधित महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं को हस्तांतरित करने की अनुमति है। इससे महाद्वीपीय शतरंज महासंघों को क्षेत्रीय टूर्नामेंट के जरिए खिलाड़ियों को विश्व कप तक पहुंचने का अतिरिक्त अवसर देने की सुविधा मिलती है।
ओलंपियाड से पहले यूरोप, अफ्रीका और अमेरिका के महासंघों ने इस विकल्प का इस्तेमाल करते हुए कुछ स्पॉट आगामी महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं के लिए स्थानांतरित किए थे। इसके बाद ओपन वर्ग के 17 और महिला वर्ग के 5 स्पॉट महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं को दिए गए।
FIDE World Cup 2027 के लिए भारत दूसरे स्थान पर
ओपन वर्ग में उज्बेकिस्तान की टीम सूची में पहले स्थान पर है, जबकि भारत को दूसरा स्थान मिला है। जर्मनी तीसरे और अमेरिका चौथे स्थान पर है। अजरबैजान, आर्मेनिया, हंगरी, चीन, फ्रांस और स्पेन भी शुरुआती दस टीमों में शामिल हैं।
ओपन वर्ग में विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाले 83 महासंघों की सूची में नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे एशियाई देश भी शामिल हैं।
महिला विश्व कप 2027 में भारत तीसरे स्थान पर
महिला विश्व कप 2027 के लिए जारी सूची में चीन पहले स्थान पर, कजाकिस्तान दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर है। अमेरिका चौथे, पोलैंड पांचवें और आर्मेनिया छठे स्थान पर है। मंगोलिया, जॉर्जिया, वियतनाम और स्लोवेनिया भी शुरुआती दस टीमों में शामिल हैं।
कुल 45 राष्ट्रीय महासंघों को महिला वर्ग में ओलंपियाड के प्रदर्शन के आधार पर क्वालीफिकेशन स्पॉट आवंटित किए गए हैं।
महासंघों को खिलाड़ी का चयन करना होगा
क्वालीफिकेशन स्पॉट हासिल करने वाले प्रत्येक महासंघ को अब यह तय करना होगा कि उसकी ओर से कौन-सा खिलाड़ी विश्व कप में हिस्सा लेगा। सामान्य तौर पर महासंघ को शतरंज (Chess) ओलंपियाड में अपनी टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों में से प्रतिनिधि चुनना होगा।
हालांकि, यदि टीम के सभी खिलाड़ी किसी अन्य माध्यम से पहले ही विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं या वे मिले हुए अवसर को स्वीकार नहीं करते हैं, तो संबंधित महासंघ को अपनी पसंद के किसी अन्य खिलाड़ी को चुनने का अधिकार होगा।
FIDE के मुताबिक, महासंघों को अपने प्रतिनिधियों के नाम 1 जुलाई से 15 जुलाई 2027 के बीच निश्चित करने होंगे।
यह भी पढ़ें: CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को शर्तों के साथ जमानत
2027 विश्व कप पर रहेंगी शतरंज प्रेमियों की नजरें
ओलंपियाड के प्रदर्शन के आधार पर हुए इस आवंटन से दुनिया भर के खिलाड़ियों को विश्व कप में जगह बनाने का अवसर मिला है। अब महासंघों के अगले फैसलों और चुने गए खिलाड़ियों के नामों का इंतजार रहेगा। FIDE को उम्मीद है कि 2027 के विश्व कप और महिला विश्व कप में ओलंपियाड के जरिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।









