भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल दूसरे टेस्ट मैच से आधिकारिक रूप से बाहर हो गए हैं। गिल को कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद वह मैदान छोड़कर बाहर गए और फिर अस्पताल में भर्ती कराए गए। चोट के कारण वे दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतर पाए।
गुवाहाटी पहुंचने के बाद से ही उनके खेलने पर संदेह बना हुआ था। अब बीसीसीआई ने अपने बयान में पुष्टि कर दी है कि गिल इस मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम की कमान संभालेंगे।
बीसीसीआई ने दी गिल की स्थिति पर जानकारी
बोर्ड ने बयान में बताया, “शुभमन गिल को पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट आई थी, जिसके बाद दिन का खेल खत्म होने पर उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। निगरानी में रखने के बाद उन्हें अगले दिन डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि 19 नवंबर को गुवाहाटी पहुंचने के बावजूद उनकी फिटनेस में सुधार नहीं हो पाया। बेहतर इलाज के लिए वे अब मुंबई जाएंगे। गिल की गैरमौजूदगी में दूसरे टेस्ट में कप्तानी ऋषभ पंत करेंगे।”
भारत को मिला नया कप्तान: ऋषभ पंत का पहला फुल-टाइम टेस्ट
गुवाहाटी में होने वाला मुकाबला ऋषभ पंत के लिए एक नई जिम्मेदारी लेकर आएगा। भले ही उन्होंने पहले टेस्ट में गिल की चोट के बाद अस्थायी रूप से कप्तानी की थी, पर यह टेस्ट उनका पहला फुल-टाइम मैच होगा।
पंत भारत के 38वें टेस्ट कप्तान बनेंगे।
मैच का परिणाम भारत के लिए बेहद अहम है, क्योंकि कोलकाता टेस्ट 30 रनों से हारने के बाद अब सीरीज़ बचाने की चुनौती पंत के सामने होगी। मुकाबला ड्रॉ होने पर भी भारत श्रृंखला गंवा देगा।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका दूसरा टेस्ट: कब और कहाँ देखें
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच 22 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
- टीवी प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
- लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार
यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर ने मौन व्रत तोड़ते ही अपनी संपत्ति को लेकर किया बड़ा ऐलान
गिल की गैरमौजूदगी में अब सबकी निगाहें ऋषभ पंत की कप्तानी और टीम की वापसी पर रहेंगी।









