भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की, जबकि पहले टेस्ट में अहमदाबाद में पारी और 140 रनों से वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी थी।
इस सीरीज जीत के साथ ही भारत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीत दर्ज कर ली है।
WTC पॉइंट्स टेबल: ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर, भारत तीसरे स्थान पर
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ताज़ा अंक तालिका के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया ने अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उसने 3 टेस्ट मैच खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है। इस प्रकार ऑस्ट्रेलिया के 36 अंक और 100% जीत प्रतिशत है, जिससे वह टॉप पर काबिज है।
श्रीलंका दूसरे स्थान पर है, जिसने 2 टेस्ट में 1 जीता और 1 ड्रा खेला है। उसके 16 अंक हैं और 66.67% जीत प्रतिशत के कारण वह भारत से आगे है।
भारत ने अब तक 7 टेस्ट मैच खेले हैं – 4 में जीत, 2 में हार और 1 मैच ड्रा रहा है। भारत के 52 अंक और 61.90% जीत प्रतिशत हैं, जिसके आधार पर वह तीसरे स्थान पर है।
इंग्लैंड चौथे स्थान पर है। उसने भारत के खिलाफ खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रा की थी। इंग्लैंड के पास 26 अंक हैं और जीत प्रतिशत 43.33% है।
भारत की अगली चुनौती: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज
टेस्ट सीरीज जीतने के बाद अब भारत की नजर अगली चुनौती पर है। टीम इंडिया नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलेगी।
- पहला टेस्ट: 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शुरू होगा।
- दूसरा टेस्ट: 22 नवंबर से गुवाहाटी (असम) के एसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
इसके साथ ही भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज भी होगी, लेकिन टेस्ट सीरीज पर सबसे ज्यादा निगाहें होंगी क्योंकि यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी।
यह भी पढ़ें: जानलेवा कफ सिरप पर WHO की चेतावनी, इन कंपनियों पर गिरी गाज
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की क्लीन स्वीप जीत ने WTC में भारत की स्थिति मजबूत की है। हालांकि, शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए आने वाली सीरीजों में भारत को लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अब देखना यह होगा कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर भारत अपनी लय को बनाए रख पाता है या नहीं।









