भारत और अमेरिका के रिश्तों में हाल के महीनों में आई तल्खी का असर अब शिक्षा (भारतीय छात्र) और इमिग्रेशन से जुड़े मामलों पर भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने छात्रों को लेकर कड़ा संदेश जारी किया है। बुधवार, 7 जनवरी 2026 को अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर साफ किया कि अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन करने पर छात्रों का वीजा रद्द किया जा सकता है और उन्हें देश से बाहर भी निकाला जा सकता है।
अमेरिकी दूतावास ने अपने बयान में क्या कहा?
अमेरिकी दूतावास ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका में पढ़ाई करने आए छात्रों के लिए कानूनों का पालन करना बेहद जरूरी है। अगर कोई छात्र किसी अपराध में शामिल पाया जाता है या कानून तोड़ता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है। इसमें वीजा रद्द होना, डिपोर्टेशन और भविष्य में अमेरिकी वीजा के लिए अयोग्य घोषित किया जाना भी शामिल है। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिकी वीजा कोई अधिकार नहीं, बल्कि एक सुविधा है, जिसे नियमों का पालन करने पर ही बनाए रखा जा सकता है।
पहले भी दी जा चुकी है चेतावनी
यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका की ओर से इस तरह की सख्त चेतावनी सामने आई हो। इससे पहले भी अमेरिकी प्रशासन ने भारत से अमेरिका जाने वाले अवैध अप्रवासियों को लेकर चेताया था। उस दौरान कहा गया था कि इमिग्रेशन कानूनों का उल्लंघन करने वालों को गंभीर आपराधिक सजा का सामना करना पड़ सकता है।
कानून तोड़ने वालों पर सख्त रुख
अमेरिका लगातार यह संकेत दे रहा है कि वह इमिग्रेशन नियमों को लेकर कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ वीजा रद्द करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दूतावास के ताजा बयान को भी इसी सख्त नीति के तहत देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: बीजेपी-कांग्रेस का गठबंधन टुटा
अमेरिका में पढ़ाई कर रहे या वहां जाने की तैयारी कर रहे भारतीय छात्रों के लिए यह स्पष्ट संदेश है कि नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है और छोटी सी गलती भी उनके भविष्य को प्रभावित कर सकती है।









