CSK को IPL 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार इंग्लिश ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोटिल होने के कारण स्वदेश लौट गए हैं। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
सीएसके के अनुसार, ओवरटन को दाहिनी जांघ (राइट थाई) में चोट लगी है, जिसके बाद उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए इंग्लैंड भेजा गया है। हालांकि टीम प्रबंधन ने अभी तक उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर घोषित नहीं किया है।
लखनऊ के खिलाफ मैच से पहले लगा झटका
यह खबर ऐसे समय आई है जब चेन्नई सुपर किंग्स को दो दिन बाद LSG के खिलाफ अहम मुकाबला खेलना है। दोनों टीमों के बीच यह मैच लखनऊ में होना है।
ओवरटन हाल ही में लखनऊ के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने उस मैच में तीन विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया था।
पिछला मैच जिताने में निभाई थी बड़ी भूमिका
लखनऊ सुपर जायंट्स ने उस मुकाबले में पावरप्ले के दौरान तेज शुरुआत करते हुए 91 रन बना लिए थे। ऐसे समय में ओवरटन ने लगातार विकेट निकालकर विपक्षी टीम की रफ्तार पर ब्रेक लगाया।
उनकी गेंदबाजी की बदौलत सीएसके ने एलएसजी को 203 रन पर रोक दिया था, जिसके बाद टीम ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर रोमांचक जीत दर्ज की। इस शानदार प्रदर्शन के लिए ओवरटन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था।
इस सीजन में दमदार प्रदर्शन
जेमी ओवरटन ने IPL 2026 में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 17.78 की औसत और 8.89 की इकॉनमी से 14 विकेट लिए हैं।
सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्ले से भी उन्होंने टीम को उपयोगी योगदान दिया है। ओवरटन ने 158.13 के स्ट्राइक रेट से 136 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें: केरलम को मिला नया मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने वीडी सतीशन के नाम पर लगाई मुहर
सीएसके के लिए प्लेऑफ की दौड़ के बीच ओवरटन की चोट चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है। अब फैंस को उनके फिटनेस अपडेट का इंतजार रहेगा।









