भारत एक कृषि प्रधान देश है, जहां देश की आधी से ज्यादा आबादी खेती पर निर्भर है। किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने और उन्हें संकट के समय सहयोग देने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। इन्हीं में से एक है प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY), जो किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, कीट हमलों या अन्य कारणों से फसल खराब होने की स्थिति में आर्थिक सहायता प्रदान करती है।
फसल बर्बाद? चिंता की बात नहीं
देश में अक्सर किसानों को मौसम की मार, बेमौसम बारिश, सूखा, ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करती है। इस योजना के तहत फसल के नुकसान की भरपाई बीमा राशि के जरिए की जाती है।
कौन-कौन किसान ले सकते हैं योजना का लाभ?
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलता है, जो नोटिफाइड फसलें उगाते हैं। इनमें मुख्य रूप से धान, गेहूं, दलहन, तिलहन और बागवानी की फसलें शामिल हैं। इसके अलावा, इस योजना का लाभ जमीन के मालिक, किराए पर खेती करने वाले किसान, और बटाईदार किसान भी उठा सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि
इस योजना के तहत बीमा कवर प्राप्त करने के लिए किसान को निर्धारित समय सीमा में आवेदन करना होता है:
- खरीफ फसल के लिए: 31 जुलाई तक
- रबी फसल के लिए: 31 दिसंबर तक
अगर किसान सीजन शुरू होने के 15 दिन के भीतर आवेदन करता है, तो उस फसल सीजन के लिए बीमा एक्टिव हो जाता है।
कैसे करें आवेदन?
इस योजना के लिए किसान दो तरीके से आवेदन कर सकते हैं:
- ऑनलाइन आवेदन: pmfby.gov.in वेबसाइट पर जाकर सीधे आवेदन किया जा सकता है।
- ऑफलाइन आवेदन: किसान अपने नजदीकी जिला कृषि कार्यालय या संबंधित केंद्रों से संपर्क कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

जरूरी दस्तावेज
योजना के लिए आवेदन करते समय किसानों के पास निम्नलिखित दस्तावेज होने चाहिए:
- आधार कार्ड
- बैंक खाता पासबुक
- खसरा/खतौनी नंबर
- बुवाई का प्रमाण पत्र
- जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज
क्यों है यह योजना खास?
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक संबल देती है और खेती को एक सुरक्षित व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ाने में मदद करती है। यदि आपने अभी तक इस योजना के लिए आवेदन नहीं किया है, तो तय तिथि से पहले सभी दस्तावेजों के साथ आवेदन अवश्य करें और योजना का लाभ उठाएं।
यह भी पढ़ें: लॉर्ड्स में बुमराह का जलवा, कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ा
अधिक जानकारी के लिए आप pmfby.gov.in वेबसाइट विजिट कर सकते हैं या अपने जिले के कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।









