भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह ने वह कारनामा कर दिखाया, जिसका सपना हर तेज गेंदबाज देखता है। लॉर्ड्स की ऐतिहासिक पिच पर बुमराह ने अपनी आग उगलती गेंदबाजी से इंग्लिश बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। उन्होंने पहली पारी में 5 विकेट झटककर ना सिर्फ टीम इंडिया को मजबूती दिलाई, बल्कि भारतीय क्रिकेट इतिहास में भी नया अध्याय जोड़ दिया।
कपिल देव को पीछे छोड़ा
बुमराह का यह टेस्ट करियर में 15वां फाइव विकेट हॉल था, लेकिन जो बात इसे खास बनाती है वह यह है कि यह विदेशी धरती पर उनका 13वां 5 विकेट हॉल रहा। इसी के साथ उन्होंने महान ऑलराउंडर कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम विदेशी सरजमीं पर 12 बार पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड था। बुमराह अब भारत के लिए विदेशों में सबसे ज्यादा बार पारी में 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
विदेशी धरती पर 5 विकेट लेने वाले टॉप भारतीय गेंदबाज:
- जसप्रीत बुमराह – 13
- कपिल देव – 12
- अनिल कुंबले – 10
- इशांत शर्मा – 9
ऑनर्स बोर्ड पर नाम, फिर भी नहीं दिखा उत्साह
लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज होना क्रिकेटरों के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है। बुमराह ने जैसे ही जोफ्रा आर्चर को आउट कर पांचवां विकेट लिया, उनका नाम भी इस ऐतिहासिक बोर्ड पर अंकित हो गया। इसके बावजूद बुमराह बेहद संयमित नजर आए और मैदान पर कोई विशेष जश्न नहीं मनाया। यह उनके शांत स्वभाव और खेल के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।

इंग्लैंड की पारी 387 पर ढेर
इंग्लैंड ने दूसरे दिन 251/4 से आगे खेलना शुरू किया था। हालांकि, बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने बाकी बल्लेबाजों को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स के अर्धशतक इंग्लैंड के लिए थोड़ी राहत लेकर आए, लेकिन पूरी टीम 387 रन पर सिमट गई।
भारत की शुरुआत रही फीकी
भारत की शुरुआत हालांकि उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। यशस्वी जायसवाल महज 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। करुण नायर ने कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन 40 रन बनाकर आउट हो गए। शुभमन गिल भी इस बार बड़ा स्कोर नहीं कर सके और 16 रन पर लौट गए। दिन का खेल खत्म होने तक केएल राहुल 53 रन पर नाबाद हैं और ऋषभ पंत 19 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: एयर इंडिया हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट जारी, सामने आई पायलट की बातचीत
भारत अब भी इंग्लैंड से 242 रन पीछे है और पहली पारी में बड़े स्कोर की चुनौती का सामना कर रहा है। हालांकि, बुमराह की गेंदबाजी ने भारत को मुकाबले में बनाए रखा है।









