ICU में चल रहा लालकृष्ण आडवाणी का इलाज
अधिकारियों के मुताबिक, लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था। अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया कि उन्हें छाती में संक्रमण के चलते भर्ती किया गया है।
फिलहाल वह अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में हैं। उनका इलाज न्यूरोलॉजी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है। अस्पताल के अनुसार, उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

जेपी नड्डा ने अस्पताल जाकर जाना हालचाल
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अस्पताल पहुंचकर लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। आडवाणी की तबीयत से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की नजरें अस्पताल की ओर से जारी होने वाले स्वास्थ्य अपडेट पर हैं।
पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर को की थी मुलाकात
लालकृष्ण आडवाणी के अस्पताल में भर्ती होने से कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात की थी। 7 अक्टूबर को पीएम मोदी नई दिल्ली स्थित आडवाणी के आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वरिष्ठ नेता से आशीर्वाद लिया था।
यह भी पढ़ें: सोयाबीन किसानों के लिए बड़ी राहत, रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ी
फिलहाल लालकृष्ण आडवाणी का अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टर उनकी सेहत की निगरानी कर रहे हैं और उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।









