मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और संभावित तेल संकट की चर्चाओं के बीच केंद्र सरकार ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि भारत में कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति फिलहाल पूरी तरह से पर्याप्त है। सरकार का कहना है कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी कमी की स्थिति सामने नहीं आई है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं। साथ ही पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है। उन्होंने बताया कि किसी भी राज्य से तेल की कमी की कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है।
कमर्शियल LPG की सप्लाई कई राज्यों में शुरू
सरकार के अनुसार, कुछ राज्यों में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति भी शुरू कर दी गई है। सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार लगातार राज्यों के साथ बैठकें कर रही है ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि एलपीजी की मांग बढ़ने के कारण ऑनलाइन बुकिंग में काफी इजाफा हुआ है। डिलीवरी ऑथेंटिकेशन का प्रतिशत भी बेहतर हुआ है, जो पहले लगभग 53 प्रतिशत था और अब बढ़कर करीब 72 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
PNG पर शिफ्ट करने का विकल्प भी उपलब्ध
सरकार ने उपभोक्ताओं को विकल्प देते हुए कहा है कि जो लोग चाहें वे एलपीजी से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पर भी शिफ्ट हो सकते हैं। इसके लिए ग्राहक कस्टमर केयर से संपर्क कर सकते हैं या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पीएनजी कंपनियों ने नए ग्राहकों के लिए कुछ विशेष ऑफर भी पेश किए हैं।
जमाखोरी रोकने के लिए निरीक्षण जारी
मंत्रालय के अनुसार बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कई राज्यों में छापेमारी भी की जा रही है। करीब 1100 रिटेल आउटलेट्स पर अचानक निरीक्षण किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या कालाबाजारी को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में 17 से 20 मार्च के बीच बारिश और तेज हवाओं की संभावना
सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग ऑनलाइन करें। ऐसा करने से सिलेंडर की डिलीवरी सीधे घर तक पहुंचाई जाएगी और अनावश्यक भीड़ या परेशानी से बचा जा सकेगा।








