रूस में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। अंगारा एयरलाइंस का एक यात्री विमान, जो गुरुवार (24 जुलाई) को लापता हो गया था, अब दुर्घटनाग्रस्त (क्रैश) होने की पुष्टि हो चुकी है। रूसी मीडिया और इंटरफैक्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस विमान में 50 लोग सवार थे, जिनमें 5 बच्चे और 6 क्रू मेंबर शामिल थे।
लैंडिंग में नाकामी, फिर हुआ हादसा
यह An-24 विमान अमूर क्षेत्र के टिंडा शहर की ओर जा रहा था, जो कि चीन की सीमा के करीब है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इसका संपर्क उस समय टूट गया जब यह टिंडा हवाई अड्डे पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। पहली बार में लैंडिंग नाकाम रही, और दूसरी कोशिश के दौरान यह अचानक रडार से गायब हो गया।
प्लेन का मलबा मिला, आगे का हिस्सा जला हुआ
रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत हेलीकॉप्टरों की मदद से विमान की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान खोजी दल को विमान का जला हुआ मलबा ज़मीन पर मिला। बताया जा रहा है कि प्लेन का आगे का हिस्सा पूरी तरह से जल चुका था, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पायलट की गलती और खराब मौसम बन सकते हैं वजह
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में पायलट की गलती को संभावित कारण माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि खराब मौसम के चलते पायलट को लैंडिंग के दौरान रनवे साफ नहीं दिख रहा था। इस स्थिति में दृष्टि बाधित होने और गलत फैसले की वजह से विमान हादसे का शिकार हुआ।
1976 में बना था यह विमान
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह विमान करीब 50 साल पुराना था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान 1976 में तैयार किया गया था और इसके टेल नंबर से इसकी पुष्टि हुई है। विमान की उम्र और तकनीकी हालात को लेकर भी अब कई सवाल उठने लगे हैं।
टिंडा एयरपोर्ट प्रशासन की प्रतिक्रिया
टिंडा एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि पायलट दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, जब हादसा हुआ। अधिकारियों ने पायलट की गलती को पूरी तरह खारिज नहीं किया, लेकिन उन्होंने कहा कि अभी जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत इतने दिनों तक के लिए हुए बाहर, ईशान किशन को मिलेगा मौका
यह विमान हादसा रूस की एविएशन व्यवस्था और पुराने विमानों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जहां एक ओर खराब मौसम को दुर्घटना की एक वजह माना जा रहा है, वहीं 50 साल पुराने विमान का तकनीकी रूप से उड़ान में होना भी चिंता का विषय है। हादसे में कितने लोग बचे हैं या कोई जीवित है या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।








