छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार (4 नवंबर) की शाम एक भीषण रेल हादसा हो गया। हावड़ा रूट पर चल रही एक पैसेंजर ट्रेन की मालगाड़ी से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसा लालखदान स्टेशन के पास शाम करीब चार बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैसेंजर ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जबकि कुछ लोगों के हताहत होने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल रेलवे प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। गंभीर रूप से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
हादसे में शामिल ट्रेन का नंबर 68733 बताया जा रहा है, जो मालगाड़ी से टकराई। इस टक्कर के बाद हावड़ा रेल मार्ग पर परिचालन पूरी तरह ठप कर दिया गया है। रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैक को दुरुस्त करने और घायलों की मदद में जुटे हुए हैं।

कांग्रेस ने जताया दुख, जताई संवेदना
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया, “यह बेहद दुखद घटना है। बिलासपुर जिले के लालखदान के पास पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में कई यात्री घायल हुए हैं। हमारी संवेदनाएं सभी प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं। ईश्वर सभी को सुरक्षित रखे और घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की शक्ति प्रदान करे।”
यह भी पढ़ें: हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन गोपीचंद पी. हिंदुजा का लंदन में निधन
रेल हादसे के कारण बिलासपुर रेल मंडल में ट्रेनों का आवागमन बाधित है। रेलवे अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं और प्राथमिक रूप से मानवीय भूल या सिग्नल फेल्योर की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल रेलवे की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।









