महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा हो गई है। राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदेश की 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में मतदान 2 दिसंबर 2025 को होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी।
राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मुंबई में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि इन चुनावों में 6,859 सदस्य और 288 अध्यक्ष पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए 13,355 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और इस प्रक्रिया में लगभग 1.7 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVMs) के माध्यम से कराया जाएगा।
नामांकन की प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तारीखें
वाघमारे ने जानकारी दी कि उम्मीदवार 17 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं, जबकि 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 21 नवंबर तय की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान 31 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर होगा।
नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत समितियों की घोषणा अभी बाकी
राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि अभी तक 29 नगर निगमों, 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है। इन निकायों के लिए चुनाव कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।
BMC चुनाव जनवरी के बाद, दिसंबर में नोटिफिकेशन की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई महानगरपालिका (BMC) और अन्य महानगरपालिका चुनाव जनवरी 2026 में मकर संक्रांति के बाद कराए जा सकते हैं। इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन दिसंबर के तीसरे सप्ताह में जारी होने की संभावना है।
हाल ही में 15 अक्टूबर को निकाय चुनावों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ मुंबई में सर्वदलीय बैठक हुई थी। इस बैठक में MNS प्रमुख राज ठाकरे, शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और महाविकास अघाड़ी के अन्य नेताओं ने भाग लिया था। विपक्षी दलों ने इस दौरान चुनावों की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर कई अहम मुद्दे उठाए थे।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा: पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी में आमने-सामने टक्कर
राज्य में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के साथ स्थानीय निकाय राजनीति एक बार फिर गर्म होने जा रही है। अब सभी की नजरें बीएमसी और अन्य महानगरपालिकाओं के चुनाव कार्यक्रम पर टिकी हैं।








