कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार (5 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। राहुल गांधी का दावा है कि वोटर लिस्ट में भारी धांधली की गई और कई फर्जी वोट डाले गए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में राहुल गांधी ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि “हमारे पास हरियाणा चुनाव से जुड़ी कई शिकायतें आईं, जिनकी जांच में बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आईं।” उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि आपके भविष्य का सवाल है। देश के जनरेशन Z को इस पर ध्यान देना चाहिए।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पहले ही “व्यवस्था” होने की बात कही थी, जिससे चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई थी, लेकिन नतीजों से पहले ही सत्ता पक्ष को जीत का भरोसा कैसे था, यह जांच का विषय है।
राहुल गांधी ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए बताया कि वोटर लिस्ट में एक ब्राजील की मॉडल की तस्वीर मिली है, जो हरियाणा की कई बूथों पर अलग-अलग नामों से दर्ज थी। उन्होंने कहा, “यह महिला सीमा, सरस्वती, स्वीटी और विमला जैसे नामों से लिस्ट में शामिल थी और 10 बूथों पर 22 बार मतदान किया गया।”
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, “हमारे पास ठोस सबूत हैं कि हरियाणा में करीब 25 लाख वोट चोरी हुए हैं। 5.21 लाख डुप्लीकेट वोटर और 93 हजार से ज्यादा गलत पते वाले वोटर लिस्ट में दर्ज हैं। चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए कि एक ही व्यक्ति के नाम से 223 बार मतदान कैसे हुआ?”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट की तस्वीरें भी दिखाईं और सवाल उठाया कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष है, तो ऐसी गड़बड़ियां कैसे हो सकती हैं। उन्होंने आयोग से तुरंत कार्रवाई की मांग की और कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सच्चाई सामने आनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा: पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी में आमने-सामने टक्कर
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। जहां कांग्रेस ने इस मामले की जांच की मांग की है, वहीं भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों को निराधार बताया है। अब देखना यह होगा कि चुनाव आयोग इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है।









