‘पंचायत’ के चाहने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जहां एक ओर फैंस अभी तक सीजन 4 की कहानी में डूबे हुए हैं, वहीं अब मेकर्स ने अगले सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। जी हां, ‘पंचायत सीजन 5’ की पुष्टि हो चुकी है और इसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
कब और कहां आएगा पंचायत 5?
प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ‘पंचायत 5’ का पहला पोस्टर शेयर करते हुए लिखा है, “हाय, फुलेरा वापस आने की तैयारी शुरू कर लीजिए।” इसके साथ ही यह भी साफ कर दिया गया कि शो का अगला सीजन 2026 में रिलीज होगा।
पोस्टर में पंचायत की पुरानी टीम पूरी गर्मजोशी के साथ दिखाई दे रही है। बिनोद कुर्सी पर बैठा है, जिसे विकास और बनराकस मिलकर उठा रहे हैं। वहीं, पीछे मंजू देवी, अभिषेक त्रिपाठी, रिंकी, ब्रज भूषण, प्रह्लाद पांडे और क्रांति देवी भी नज़र आ रहे हैं। यह साफ है कि फुलेरा की राजनीति और गांव की जिंदादिली अगले सीजन में भी दर्शकों को लुभाएगी।
सीजन 4 की कहानी ने छोड़ा उत्सुकता भरा मोड़
हाल ही में 24 जून को रिलीज हुए सीजन 4 ने दर्शकों को फिर से फुलेरा की गलियों में घुमा दिया। इस बार कहानी पंचायत चुनाव पर केंद्रित थी, जिसमें क्रांति देवी और मंजू देवी आमने-सामने थीं। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार क्रांति देवी प्रधान चुनी गईं और मंजू देवी को हार का सामना करना पड़ा।

इस बीच अभिषेक त्रिपाठी ने CAT की परीक्षा पास कर ली है, जिसका मतलब है कि वह अब गांव में ज़्यादा दिनों तक नहीं रुकेंगे। हालांकि, उनकी और रिंकी की लव स्टोरी ने एक नई शुरुआत की है, जिसने फैंस को रोमांचित कर दिया है।
क्यों खास है ‘पंचायत’?
‘पंचायत’ उन चुनिंदा वेब सीरीज़ में से है जिसने दर्शकों के दिलों को छू लिया है। इसकी सादगी, ग्रामीण जीवन की सच्चाई, भावनाएं, हास्य और बेहतरीन अभिनय ने इसे बेहद खास बना दिया है। नीना गुप्ता, जितेंद्र कुमार, रघुवीर यादव, फैसल मलिक और चंदन रॉय जैसे कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस ने हर सीजन को यादगार बना दिया।
फैंस कर रहे हैं बेसब्री से इंतजार
हालांकि, सीजन 5 के लिए फैंस को थोड़ा लंबा इंतजार करना होगा क्योंकि यह 2026 में रिलीज़ होगा, लेकिन जिस तरह से कहानी सीजन 4 के अंत में आगे बढ़ी है, उसने दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें: ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ सीजन 2 की तुलसी ‘स्मृति ईरानी’ का लुक हुआ वायरल
‘पंचायत सीजन 5’ की आधिकारिक घोषणा के साथ ही यह साफ हो गया है कि फुलेरा की कहानी अब भी अधूरी है और आगे भी देखने को बहुत कुछ मिलेगा। राजनीति, रिश्ते और रिंकी-अभिषेक की मोहब्बत की नई परतों के साथ अगला सीजन दर्शकों को फिर से फुलेरा की गलियों में ले जाएगा।








