भारतीय टेलीविजन के सबसे यादगार शोज़ में से एक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने को तैयार है। एकता कपूर के इस सुपरहिट शो का दूसरा सीजन अब जल्द ही टीवी पर प्रसारित होने जा रहा है। खास बात ये है कि इस सीजन में भी स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को पुरानी यादों में ले जाएगी।
वायरल हुआ तुलसी का लुक
शो के नए सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसी बीच स्मृति ईरानी का ‘तुलसी’ लुक सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। पर्पल बॉर्डर वाली ट्रेडिशनल साड़ी, माथे पर लाल बड़ी बिंदी, सिंदूर, सिल्वर और ब्लैक जूलरी के साथ सिंपल लेकिन प्रभावशाली मेकअप में स्मृति का यह लुक दर्शकों को पुराने दिनों की याद दिला रहा है। उन्होंने बालों को साइड पार्टेड बन में बांधा हुआ है, जो उनके क्लासिक ‘तुलसी’ स्टाइल को दोबारा जिंदा कर रहा है।
मिहिर यानी अमर उपाध्याय की वापसी
इस बार भी अमर उपाध्याय ‘मिहिर’ के किरदार में नज़र आएंगे। उन्होंने शूट के पहले दिन का अनुभव साझा करते हुए कहा, “शूटिंग शुरू होते ही पुरानी यादें ताजा हो गईं। सेट पर वही माहौल, वही भावनाएं वापस आ गई हैं। हालांकि समय के साथ टीवी में बदलाव आया है, और यह बदलाव शो में भी देखने को मिलेगा।”
सालों बाद हो रही है आइकॉनिक शो की वापसी
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ की शुरुआत 2000 में हुई थी और यह शो 2008 तक चला था। इस लंबे सफर में शो ने 1833 एपिसोड पूरे किए थे। तुलसी और मिहिर की जोड़ी, घर-परिवार की साजिशें और भावनात्मक कहानी ने इसे हर घर का हिस्सा बना दिया था। अब सालों बाद इसका सीजन 2 आना फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं।
फैंस में उत्साह
सोशल मीडिया पर स्मृति का नया लुक सामने आते ही फैन्स की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि “तुलसी के बिना टीवी अधूरा था”, वहीं कुछ ने कहा, “अब लगता है असली टीवी लौट आया है।” एक यूजर ने लिखा, “20 साल बाद भी तुलसी वैसी ही लग रही हैं, वक्त ठहर सा गया है।”
क्या नया होगा इस बार?
हालांकि कहानी को लेकर अभी ज्यादा खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन ये माना जा रहा है कि यह सीजन आधुनिक सामाजिक मुद्दों को छूते हुए, पुराने शो की भावनात्मक गहराई को बरकरार रखेगा। तुलसी और मिहिर की दुनिया में अब नई पीढ़ी कैसे शामिल होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें: एजबेस्टन टेस्ट में ऐतिहासिक जीत पर दिग्गजों ने क्या कहा?
एकता कपूर का ये शो एक बार फिर दर्शकों की भावनाओं को जगाने आ रहा है। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी सीजन 2’ सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि टीवी इंडस्ट्री की उस विरासत की वापसी है जिसे कभी हर भारतीय घराने ने जीया था। अब देखना होगा कि यह नया अध्याय कितनी गहराई तक दिलों को छू पाता है।









