अमेरिका की एक संघीय अदालत ने ईरान से जुड़े एक पाकिस्तानी नागरिक को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में दोषी ठहराया है। इस साजिश का उद्देश्य वर्ष 2020 में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना बताया जा रहा है।
अदालत के फैसले के बाद आरोपी को उम्रकैद की सजा तक हो सकती है। यह मामला अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण काफी संवेदनशील माना जा रहा है।
संघीय जूरी ने सुनाया फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 48 वर्षीय आसिफ रजा मर्चेंट को ब्रुकलिन की संघीय अदालत में जूरी ने हत्या के लिए सुपारी देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवादी कार्रवाई की साजिश रचने का दोषी पाया।
अमेरिका की अटॉर्नी जनरल पामेला बोंडी ने कहा कि आरोपी अमेरिका में विशेष रूप से ट्रंप की हत्या की योजना बनाकर आया था। हालांकि अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण उसकी योजना विफल हो गई।
IRGC से जुड़े होने का आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार आसिफ रजा मर्चेंट ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) से जुड़ा और प्रशिक्षित सदस्य है।
मुकदमे के दौरान उसने स्वीकार किया कि वर्ष 2024 में आईआरजीसी ने उसे अमेरिका भेजा था, ताकि वह अमेरिकी नेताओं को निशाना बनाने की साजिश को अंजाम दे सके।
जांच के मुताबिक संभावित लक्ष्यों में डोनाल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली शामिल थे।
2024 में हुई थी गिरफ्तारी
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचा था। जून में उसने न्यूयॉर्क में कथित तौर पर भाड़े के हत्यारों से संपर्क किया, जो वास्तव में अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अंडरकवर अधिकारी थे।
इसके बाद जुलाई 2024 में जब वह अमेरिका छोड़ने की कोशिश कर रहा था, तब उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एफबीआई ने बताया गंभीर सुरक्षा खतरा
FBI के कार्यवाहक सहायक निदेशक जेम्स बार्नेकल ने कहा कि आरोपी ने ईरानी शासन के निर्देश पर अमेरिकी धरती पर एक शीर्ष नेता या सरकारी अधिकारी की हत्या की साजिश रची थी।
यह भी पढ़ें: इन परिवारों को सरकार दे रही है फ्री सोलर पैनल
उन्होंने कहा कि अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और समय पर कार्रवाई के कारण एक बड़ा हमला टल गया। यह मामला अमेरिका और ईरान के बीच पहले से चल रहे तनाव के संदर्भ में भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









