PM Modi Arunachal Pradesh Visit Live: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर और त्रिपुरा के दौरे पर हैं। यहां पीएम मोदी ने स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से सोमवार को मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईटानगर में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के फेमस बैंकर नरेश मल्होत्रा का डिजिटल अरेस्ट, ठगों ने एक महीने में उड़ाए 23 करोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में आयोजित रोड शो के दौरान वहां की जनता के उत्साह की सराहना की।
उन्होंने पोस्ट किया, ‘आज सुबह ईटानगर में मिला स्वागत अविस्मरणीय रहा। वातावरण उत्साह से भरा हुआ था, ‘वंदे मातरम’ के नारों और नारी शक्ति व युवा शक्ति की ऊर्जावान उपस्थिति से पूरा माहौल जीवंत हो उठा। अरुणाचल प्रदेश की जनता का उत्साह और स्नेह असाधारण है।’
ईटानगर में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने ‘हर चीज़ महंगी होने के बावजूद टैक्स बढ़ाते ही रहे।’ उन्होंने देश में रविवार को लागू हुई नई जीएसटी सुधारों की सराहना की और कहा कि 2014 में सत्ता में आने के बाद उन्होंने देश को कांग्रेस मानसिकता से मुक्त कराने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने अरुणाचल को नज़रअंदाज़ किया क्योंकि यहां केवल दो लोकसभा सीटें हैं। इस मानसिकता ने बहुत नुकसान पहुँचाया और राज्य को विकास की दौड़ में पीछे छोड़ दिया।’
5,100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास
पीएम मोदी ने 5,100 करोड़ रुपये की अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें शि योमी ज़िले में दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं और तवांग में एक कन्वेंशन सेंटर का वर्चुअल शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जो कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और अग्नि सुरक्षा जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। इस अवसर पर राज्यपाल केटी परनाइक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे।









