पंजाब के तरन तारन जिले से बड़ी खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरपिंदर सिंह की एक शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उनका भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि हरपिंदर सिंह तरन तारन के गांव ठठियां महंता के सरपंच थे। समारोह के दौरान एक अज्ञात हमलावर ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी। हमलावर को पकड़ने की कोशिश में उनके भाई को भी गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
आम आदमी पार्टी के नेता की हत्या से मचा हड़कंप
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पंजाब अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में मौजूदा सरकार के दौरान उनके अपने नेता भी सुरक्षित नहीं हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
जनवरी में भी हुई थी सरपंच की हत्या
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी महीने में भी एक AAP सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 4 जनवरी को तरन तारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमल सिंह पर अमृतसर में हमला हुआ था।
वे अमृतसर के वेरका स्थित मैरी गोल्ड मैरिज पैलेस में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान दो युवकों ने नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने बाद में आरोपी शूटर का एनकाउंटर किया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
बढ़ते हमलों से कानून-व्यवस्था पर सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं से पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।
यह भी पढ़ें: DDA Flats: DDA ने पार्किंग फीस हटाया, बचेंगे लाखों रुपया
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।








