राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें इलाज के लिए पुणे के प्रसिद्ध रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, खांसी और कमजोरी की शिकायत के बाद उन्हें एहतियातन अस्पताल में एडमिट किया गया है।
अस्पताल में भर्ती के दौरान उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले तथा दामाद सदानंद सुले भी उनके साथ मौजूद थे।
लगातार दौरों के कारण बिगड़ी सेहत
बताया जा रहा है कि अजित पवार के निधन के बाद शरद पवार पिछले कई दिनों से लगातार मुंबई, पुणे और बारामती का दौरा कर रहे थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से लगातार मुलाकातें भी हो रही थीं। व्यस्त कार्यक्रम और शारीरिक थकावट के चलते उनकी तबीयत पर असर पड़ा।
डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल शरद पवार की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सभी जरूरी मेडिकल जांच की जा रही हैं।
समर्थकों में चिंता, दुआओं का सिलसिला शुरू
शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है।
यह भी पढ़ें: Gold & Silver Price Today: सोना-चांदी में जबरदस्त उछाल
जल्द मिल सकता है हेल्थ बुलेटिन
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शरद पवार की सेहत को लेकर जल्द आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी किया जा सकता है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और किसी गंभीर चिंता की बात नहीं बताई जा रही है।









