आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम ने बड़ा बदलाव करते हुए वरुण आरोन को अपना नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। यह ऐलान फ्रेंचाइज़ी ने 14 जुलाई को सोशल मीडिया के माध्यम से किया। वरुण अब न्यूजीलैंड के जेम्स फ्रैंकलिन की जगह लेंगे, जो बीते दो सीजन से इस भूमिका में थे।
हाल ही में लिया क्रिकेट से संन्यास
वरुण आरोन को क्रिकेट को अलविदा कहे अभी ज्यादा समय नहीं बीता है। उन्होंने जनवरी 2025 में सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की थी। यह फैसला उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड की टीम के एलिमिनेट होने के बाद लिया था।
संन्यास के बाद वरुण टीवी कमेंट्री और क्रिकेट विश्लेषण में सक्रिय हो गए थे और इस समय भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में बतौर कमेंटेटर नजर आ रहे हैं।

गेंदबाज़ी में रही स्पीड उनकी पहचान
अपने क्रिकेट करियर में वरुण आरोन ने भारत के लिए 9 टेस्ट और 9 वनडे मुकाबले खेले। वह अपनी तेज गति की गेंदबाज़ी के लिए जाने जाते रहे हैं।
- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी सबसे तेज गेंद 152.5 किमी/घंटा रही, जो उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ डाली थी।
- वहीं डोमेस्टिक क्रिकेट में वह 153 किमी/घंटा की रफ्तार तक भी पहुंचे थे।
सनराइजर्स हैदराबाद का पिछला सीजन रहा निराशाजनक
आईपीएल 2025 में SRH का प्रदर्शन खासा निराशाजनक रहा था। टीम ने अपने 14 में से सिर्फ 6 मुकाबले जीते थे और पॉइंट्स टेबल में छठवें स्थान पर रही थी। टीम के इस औसत प्रदर्शन के बाद मैनेजमेंट ने गेंदबाजी विभाग में बदलाव का निर्णय लिया।
टीम को वरुण से बड़ी उम्मीदें
तेज गेंदबाज़ी के क्षेत्र में अपने अनुभव और तकनीकी समझ के चलते वरुण को यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सनराइजर्स फ्रेंचाइज़ी को उम्मीद है कि वरुण की अगुवाई में गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतर होगा और टीम आगामी सीजन में बेहतर नतीजों की ओर बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: इस राज्य के लोग देते हैं सबसे अधिक गाली, चौंकाने वाला सर्वे आया सामने
वरुण आरोन का कोचिंग में पहला बड़ा मौका है और SRH के लिए यह एक ताजगी भरा बदलाव हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह युवा कोच अपनी रणनीतियों से टीम को कितना मजबूती प्रदान कर पाते हैं।









