देश के करोड़ों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है। हर साल केंद्र सरकार इस योजना के तहत पात्र किसानों को 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है, जिसे तीन किस्तों में हर चार महीने में 2,000 रुपये के हिसाब से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जाता है।
जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में आ सकती है किस्त
पिछली यानी 19वीं किस्त किसानों के खातों में 24 फरवरी, 2025 को ट्रांसफर की गई थी। अब योजना के निर्धारित चार महीने पूरे होने को हैं, इसलिए यह उम्मीद जताई जा रही है कि 20वीं किस्त जून 2025 के आखिरी सप्ताह या जुलाई की शुरुआत में जारी की जा सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की गई है, इसलिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट (pmkisan.gov.in) पर जानकारी चेक करते रहें।
किस्त मिलने से पहले ये काम जरूर कर लें किसान
अगर आप चाहते हैं कि अगली किस्त समय पर आपके खाते में आए, तो निम्नलिखित जरूरी कार्य पहले से पूरे कर लें:
ई-केवाईसी (e-KYC) अपडेट करें
यह योजना से जुड़े रहने की सबसे जरूरी शर्त है। यदि आपकी ई-केवाईसी अधूरी है तो किस्त आपके खाते में नहीं आएगी। ई-केवाईसी आप PM-KISAN पोर्टल पर ऑनलाइन या नजदीकी CSC सेंटर से करवा सकते हैं।
बैंक और आधार डिटेल्स जांचें
आपके बैंक खाते की जानकारी और आधार नंबर योजना में सही तरीके से अपडेट होने चाहिए। ज़रा सी गलती भी भुगतान को रोक सकती है।
बेनिफिशियरी स्टेटस चेक करें
वेबसाइट पर जाकर ‘Beneficiary Status’ सेक्शन में जाकर यह जांचें कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं। अगर कोई गड़बड़ी है तो जल्द नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या CSC केंद्र में संपर्क करें।
कहां से लें सहायता?
अगर आपको योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल है, तो आप नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- PM-KISAN हेल्पलाइन: 155261
- टोल फ्री नंबर: 1800-11-5526
- संपर्क नंबर: 011-23381092
योजना का उद्देश्य
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी कृषि संबंधी जरूरतों में मदद करने का कार्य करती है। इसका लाभ लेने के लिए किसानों को कुछ अनिवार्य शर्तों का पालन करना होता है, जैसे कि ज़मीन का रिकॉर्ड, बैंक खाता और आधार कार्ड का विवरण सही होना।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट की रोक, धामी सरकार को बड़ा झटका
20वीं किस्त के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है। अगर आपने अभी तक जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं, तो जल्द ही उन्हें निपटा लें ताकि अगली किस्त समय पर आपके खाते में ट्रांसफर हो सके। सरकार के संकेतों के मुताबिक, जून के अंतिम दिनों या जुलाई के पहले सप्ताह में राशि आ सकती है, लेकिन जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती, तब तक सतर्क रहना और जानकारी चेक करते रहना ही समझदारी है।









