नेपाल की राजनीति में तेजी से उभरते नाम बालेन्द्र शाह, जिन्हें आमतौर पर बालेन शाह के नाम से जाना जाता है, युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। रैपर से इंजीनियर और फिर राजनेता बने बालेन ने 2022 में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार काठमांडू के मेयर का चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया था। अब वे राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) से जुड़कर बड़े राजनीतिक मंच पर सक्रिय हैं। इसी के साथ लोगों के बीच उनकी संपत्ति और आय को लेकर भी चर्चा होती रहती है।
बालेन शाह की अनुमानित नेट वर्थ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बालेन शाह की कुल संपत्ति लगभग 5 से 6 करोड़ नेपाली रुपये के आसपास बताई जाती है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 30 से 35 लाख रुपये के बराबर है। उनकी मासिक आय लगभग 3 लाख नेपाली रुपये मानी जाती है।
हालांकि कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स में उनकी संपत्ति को करीब 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक बताया गया है, लेकिन ज्यादातर विश्वसनीय स्रोत उनकी संपत्ति को इससे काफी कम बताते हैं।
इन स्रोतों से होती है कमाई
बालेन शाह की आय मुख्य रूप से तीन प्रमुख स्रोतों से आती है:
1. मेयर का वेतन:
काठमांडू महानगर के मेयर रहते हुए उन्हें करीब 46 हजार नेपाली रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था। हालांकि अब वे इस पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
2. इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन बिजनेस:
वे Balen Consulting & Construction Pvt. Ltd. के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। बताया जाता है कि उनकी सबसे ज्यादा कमाई इसी व्यवसाय से होती है, जो हर महीने दो लाख नेपाली रुपये से अधिक हो सकती है।
3. म्यूजिक और रैप करियर:
राजनीति में आने से पहले बालेन शाह नेपाल के अंडरग्राउंड हिप-हॉप सीन में सक्रिय रैपर थे। उनके गानों और डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी कुछ आय होती है।
संपत्ति और निजी जीवन
बालेन शाह की निजी संपत्तियों के बारे में ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं है। वे अपनी पत्नी सबीना काफ्ले और बेटी के साथ काठमांडू के गैरीगांव-टिंकुने इलाके में एक साधारण घर में रहते हैं।
अब तक उनके नाम पर कई लग्जरी घरों या बड़ी जमीन की कोई पुष्टि नहीं हुई है, जिससे उनकी छवि एक साधारण और मिडिल क्लास पृष्ठभूमि वाले नेता की बनी हुई है।

मेयर रहते हुए जमीन वापस दिलाने का अभियान
मेयर के तौर पर बालेन शाह ने शहर की सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के अभियान पर जोर दिया। उनके नेतृत्व में काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी ने लगभग 208 रोपनी से अधिक सार्वजनिक जमीन वापस हासिल की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 अरब नेपाली रुपये बताई गई।
इन जमीनों को पार्क, खेल मैदान और हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। उनका लक्ष्य कुल 1,859 रोपनी जमीन को वापस हासिल करना बताया गया था।
वायरल वीडियो और लग्जरी कार की चर्चा
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बालेन शाह को करीब 4 करोड़ नेपाली रुपये कीमत वाली Land Rover Defender चलाते देखा गया। हालांकि यह कार उनकी निजी संपत्ति है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें: UPSC Result 2025 जारी, अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर
कुल मिलाकर बालेन शाह की आर्थिक स्थिति नेपाल के कई पारंपरिक नेताओं की तुलना में साधारण मानी जाती है। यही वजह है कि युवा उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखते हैं जो व्यक्तिगत दौलत से ज्यादा बदलाव और जनसेवा की राजनीति पर जोर देते हैं।









