प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे पर हैं। पीएम मोदी सुबह 10.30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। जहां, सीएम योगी ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 2200 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। पीएम ने कहा-
मोदी के विकास का मंत्र है- ‘जो जितना पिछड़ा उसे उतनी ज्यादा प्राथमिकता’। इस महीने केंद्र सरकार ने एक और नई योजना को मंजूर दी है जिसका नाम है प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना। इस योजना पर 24 हजार करोड़ रुपये किसानों के कल्याण के लिए खर्च किए जाएंगे। देश के ऐसे जिले जो पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण विकास की राह में पिछड़ गए थे… उन जिलों पर प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का फोकस होगा।
यह भी पढ़ें- PM ने 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त ट्रांसफर की
शिव का एक रूप कल्याण है तो दूसरा रौद्र रूप है… ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने भारत का यही रूप देखा है। भारत पर जो वार करेगा वह पाताल में भी नहीं बचेगा लेकिन दुर्भाग्य से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर हमारे देश में कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। कांग्रेस पार्टी और उनके चेले, दोस्त इस बात को पचा नहीं पा रहे कि भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।
पाकिस्तान का ये दुख कांग्रेस, सपा से सहन नहीं हो रहा है। उधर आतंक का आका रोता है, इधर कांग्रेस, सपा वाले आतंकियों की हालत को देखकर रोते हैं। कांग्रेस हमारी सेनाओं के पराक्रम का लगातार अपमान कर रही है। कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर को तमाशा कहा है। क्या सिंदूर कभी भी तमाशा हो सकता है?… वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति में समाजवादी पार्टी भी पीछे नहीं है, सपा के नेता संसद में कह रहे थे पहलगाम के आतंकवादियों को अभी क्यों मारा?… यह वही लोग हैं जो उत्तर प्रदेश में जब सत्ता में थे तो आतंकियों को क्लीन चीट देते थे… इन्हें आतंकियों के मारे जाने, ऑपरेशन सिंदूर के नाम से भी परेशानी होती है।
यह नया भारत है। यह नया भारत भोलेनाथ को भी पूजता है और देश के दुश्मनों के सामने काल भैरव भी बन जाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है। हमारे एयर डिफेंस सिस्टम, स्वदेशी मिसाइलें, स्वदेशी ड्रोन ने आत्मनिर्भर भारत की ताकत को साबित किया है। खासकर हमारी ब्रह्मोस मिसाइलें, इनकी दहशत भारत के हर दुश्मन के भीतर भर गई है.. आज दुनिया की अर्थव्यवस्था कई आशंकाओं से गुजर रही है, अस्थिरता का माहौल है। ऐसे में दुनिया के देश अपने-अपने हितों पर फोकस कर रहे हैं, भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है।
हमारे किसान, हमारे लघु उद्योग, हमारे रोजगार इनका हित हमारे लिए सर्वोपरि है, सरकार इस दिशा में हर प्रयास कर रही है लेकिन देश के नागरिक के रूप में भी हमारे कुछ दायित्व हैं… देश हित में हर पल, हर बार, हर जगह देशवासियों के मन में एक भाव जगाना होगा और वह है- ‘हम स्वदेशी का संकल्प लें’।









