ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े 1xBet ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई नामचीन हस्तियों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त कर ली हैं। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई इस कार्रवाई में भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के साथ-साथ बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा के कई कलाकारों के नाम सामने आए हैं।
ईडी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस ताजा कार्रवाई में कुल 7.93 करोड़ रुपये की संपत्तियों को प्रोविजनल तौर पर अटैच किया गया है। जिन हस्तियों की संपत्तियां जब्त की गई हैं, उनमें युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, अभिनेता सोनू सूद, सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती, अभिनेता अंकुश हाजरा और अभिनेत्री नेहा शर्मा शामिल हैं।
किसकी कितनी संपत्ति जब्त
ईडी की जांच में जिन संपत्तियों को अटैच किया गया है, उनका विवरण इस प्रकार है—
- युवराज सिंह: 2.5 करोड़ रुपये
- रॉबिन उथप्पा: 8.26 लाख रुपये
- उर्वशी रौतेला: 2.02 करोड़ रुपये (यह संपत्ति उनकी मां के नाम पर दर्ज बताई गई है)
- सोनू सूद: 1 करोड़ रुपये
- मिमी चक्रवर्ती: 59 लाख रुपये
- अंकुश हाजरा: 47.20 लाख रुपये
- नेहा शर्मा: 1.26 करोड़ रुपये
अवैध बेटिंग और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
ईडी की यह जांच कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के जरिए किए गए लेन-देन से जुड़ी है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से लोगों और निवेशकों से भारी रकम की ठगी की गई, साथ ही बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग की गई।
वहीं, 1xBet से जुड़ी कंपनी का दावा है कि यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त बेटिंग प्लेटफॉर्म है, जो पिछले करीब 18 वर्षों से सक्रिय है। कंपनी के अनुसार, इसके जरिए दुनिया भर के खेल आयोजनों पर दांव लगाया जा सकता है और इसकी वेबसाइट व ऐप कई भाषाओं में उपलब्ध हैं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इस मामले में यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले ईडी ने क्रिकेटर शिखर धवन की 4.55 करोड़ रुपये और सुरेश रैना की 6.64 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी जब्त की थीं। ताजा कार्रवाई के बाद 1xBet केस में अब तक कुल 19.07 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: प्रदूषण का असर एक बार फिर संसद की सेहत पर नहीं पड़ा
ईडी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। यह केस न सिर्फ ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सेलिब्रिटीज के प्रमोशनल रोल और उनकी जिम्मेदारी पर भी नई बहस छेड़ रहा है।









