उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आज से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर राज्य के कई हिस्सों में दिखाई देगा। सोमवार शाम को ही नोएडा, गाजियाबाद और आगरा समेत कई जिलों में तेज आंधी चलने से मौसम में बदलाव के संकेत मिल गए थे।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार 28 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
इन जिलों में अलर्ट
राज्य में 28 अप्रैल से 1 मई तक मौसम का बदला हुआ रुख जारी रह सकता है। सहारनपुर, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, मुरादाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कासगंज, बदायूं, संभल, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया और बलिया समेत कई अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी और लू का असर बना रहेगा।
तापमान में गिरावट के आसार
बारिश और तेज हवाओं के चलते अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी।
बीते दिन सबसे ज्यादा गर्म रहे ये इलाके
पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा, प्रयागराज, हमीरपुर और कानपुर जैसे जिले प्रदेश के सबसे गर्म क्षेत्र रहे। इन इलाकों में तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बंद रहेंगे ठेके इस दिन, जानें कब-कब होगा ड्राई डे
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, खासकर आंधी और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों से दूर रहें।









