ज्वैलरी ब्रांड GIVA ने अभिनेत्री कृति सेनन से जुड़े अपने रक्षाबंधन विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। विज्ञापन में कृति के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और ट्रोलिंग शुरू हो गई थी। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर विज्ञापन हटाने की जानकारी दी।
GIVA ने जारी किया बयान
कंपनी ने अपने बयान में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि उसका उद्देश्य परिवार के साथ खुशियों के पलों को सेलिब्रेट करना है। GIVA के मुताबिक, इस बार विज्ञापन के जरिए पालतू जानवरों को भी इस उत्सव का हिस्सा बनाने की कोशिश की गई थी।
कंपनी ने कहा कि यदि विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो इसके पीछे उसका कोई इरादा नहीं था। इसी को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है।
कृति सेनन के समर्थन में आए राहुल गांधी
विज्ञापन को लेकर विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन किया था। उन्होंने अभिनेत्री की इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए कहा कि महिलाओं के पहनावे, उनके काम और उनके आने-जाने से जुड़े फैसले उनकी अपनी पसंद हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में महिलाओं को उनकी स्वतंत्रता के लिए ट्रोल किए जाने पर सवाल उठाया और ऐसी आलोचना बंद करने की अपील की।
गौरव गोगोई ने विज्ञापन की मंजूरी पर उठाया सवाल
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि सार्वजनिक बहस का केंद्र विज्ञापन में दिखाई देने वाली महिला ही क्यों है, जबकि किसी विज्ञापन को तैयार करने और मंजूरी देने की पूरी प्रक्रिया में कई लोग शामिल होते हैं।
गौरव गोगोई ने विज्ञापन की अवधारणा तैयार करने वाली क्रिएटिव टीम से लेकर कंपनी के निर्णय लेने वाले अधिकारियों तक की भूमिका पर चर्चा किए जाने की बात कही।
सोशल मीडिया पर क्यों हुआ विवाद?
रक्षाबंधन के मौके पर जारी किए गए GIVA के विज्ञापन में कृति सेनन नजर आई थीं। विज्ञापन में उनके पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने आपत्ति जताई और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
यह भी पढ़ें: तापसी पन्नू क्यों हुई पैपराजी पर गुस्सा, कंगना से क्या है नाता?
हालांकि, GIVA ने अपने आधिकारिक बयान में अभिनेत्री के कपड़ों या विवाद की किसी विशेष वजह का उल्लेख नहीं किया है। कंपनी ने केवल भावनाएं आहत होने की स्थिति पर खेद जताते हुए विज्ञापन वापस लेने की जानकारी दी है।








