दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग अंदर ही फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों सहित कुल सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और करीब 30 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। बचाव दल ने आग बुझाने के साथ-साथ इमारत में फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया। अब तक लगभग 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग से बचने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घनी आबादी वाले इस इलाके में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती आशंका जताई गई थी कि कई लोग अंदर फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी रहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है।
इस घटना पर दिल्ली के उपराज्यपाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य पर नजर बनाए रखने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: कांग्रेस को इन 5 विधायकों पर है गद्दारी का शक
वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी हादसे को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं और सभी एजेंसियां मिलकर राहत कार्य में लगी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें।









