मुंबई में BMC चुनाव 2026 के तहत गुरुवार को महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में मतदान हो रहा है। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम नागरिकों के साथ-साथ बॉलीवुड सितारे भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसी कड़ी में अभिनेता अक्षय कुमार भी वोट डालने पहुंचे, लेकिन इस दौरान उनसे जुड़ा एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
वोटिंग के दौरान भावुक पल
वोट डालने के बाद जैसे ही अक्षय कुमार अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी एक छोटी बच्ची उनके पास पहुंची और मदद की गुहार लगाने लगी। रोती हुई बच्ची ने बताया कि उसके पिता भारी कर्ज में डूबे हैं और उनसे बाहर निकलने के लिए मदद चाहिए। बच्ची की बात सुनकर अक्षय कुमार ने तुरंत उसे शांत किया और भरोसा दिलाया कि वे उसकी मदद करने की कोशिश करेंगे।
अक्षय ने अपने मैनेजर की ओर इशारा करते हुए बच्ची से कहा कि वह अपना नाम और संपर्क नंबर लिखवा दे, ताकि आगे बात की जा सके। इसी दौरान भावुक होकर बच्ची ने अक्षय कुमार के पैर छू लिए, लेकिन अभिनेता ने तुरंत उसे ऐसा करने से रोका और प्यार से कहा, “बेटा, ऐसा मत करो।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस अक्षय कुमार के इस व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोग उन्हें एक बार फिर जमीन से जुड़ा और संवेदनशील इंसान बता रहे हैं। अक्षय कुमार पहले भी जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक मुद्दों पर आगे आने के लिए जाने जाते रहे हैं, और यह घटना उसी छवि को और मजबूत करती है।
वोटिंग पर क्या बोले अक्षय कुमार?
वोट डालने के बाद अक्षय कुमार ने मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेने की अपील की। अक्षय ने कहा, “आज बीएमसी की वोटिंग है। वोटिंग के दिन रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में होता है। हम अक्सर शिकायतें करते हैं, लेकिन आज जिम्मेदारी निभाने का दिन है। घर से बाहर आइए, डायलॉगबाजी मत कीजिए, वोट कीजिए।”
वर्क फ्रंट पर व्यस्त अक्षय कुमार
काम की बात करें तो अक्षय कुमार के पास फिल्मों की लंबी कतार है। आने वाले समय में वह वेलकम टू द जंगल, हेरा फेरी 3 और भूत बंगला जैसी फिल्मों में नजर आएंगे। वहीं 2025 में उन्हें स्काई फोर्स, केसरी चैप्टर 2, हाउसफुल 5 और जॉली एलएलबी 3 जैसी बड़ी फिल्मों में देखा गया था।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी हमले पर ईरान को किन मुस्लिम देशों का साथ मिलेगा?
बीएमसी चुनाव के बीच सामने आया अक्षय कुमार का यह मानवीय रूप न सिर्फ चर्चा में है, बल्कि लोगों को यह भी याद दिला रहा है कि असली स्टारडम संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से आता है।









