देशभर में फोन कॉल के दौरान बजने वाली वह मशहूर कॉलर ट्यून, जिसमें बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की अपील करते थे, अब इतिहास बन जाएगी। केंद्र सरकार ने यह फैसला किया है कि 26 जून से इस कॉलर ट्यून को बंद कर दिया जाएगा।
यह कॉलर ट्यून सरकार के साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य देशवासियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क करना था। जब भी कोई किसी को फोन करता, तो अमिताभ बच्चन की गंभीर आवाज़ में एक संदेश सुनाई देता था, जिसमें साइबर क्राइम से बचने की सलाह दी जाती थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, अभियान हुआ समाप्त
NDTV ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि अब यह जागरूकता अभियान अपने अंत पर पहुंच चुका है, और इसी के चलते कॉलर ट्यून को हटाने का निर्णय लिया गया है। अब कॉल करने पर अमिताभ बच्चन की आवाज सुनाई नहीं देगी।

ट्रोलिंग का सामना कर चुके हैं अमिताभ बच्चन
गौरतलब है कि इस कॉलर ट्यून को लेकर अमिताभ बच्चन को सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा था। कई यूजर्स ने उनसे यह मैसेज बंद करवाने की मांग की थी। हाल ही में जब एक यूजर ने बिग बी से सवाल किया कि वो “फोन पर बोलना बंद करें”, तो उन्होंने बड़ी विनम्रता से जवाब दिया, “सरकार को बोलो भाई, उन्होंने हमसे कहा था सो किया।”
सोशल मीडिया पर भी रहते हैं एक्टिव
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। हाल ही में जब एक यूजर ने उनसे पूछा कि वह अपने बेटे अभिषेक की तो खूब तारीफ करते हैं, लेकिन अपनी घर की महिलाओं – जया बच्चन, ऐश्वर्या राय और श्वेता बच्चन – की प्रशंसा सार्वजनिक रूप से क्यों नहीं करते, तो अभिनेता ने जवाब दिया, “हां, मैं उनकी तारीफ अपने दिल में करता हूं। पब्लिकली नहीं। लेडीज़ के लिए रिस्पेक्ट।”
वर्क फ्रंट पर क्या चल रहा है?
बात करें उनके आगामी प्रोजेक्ट्स की, तो अमिताभ बच्चन फिल्म रामायण में नजर आने वाले हैं, जिसमें वह पौराणिक किरदार जटायू की भूमिका निभाते दिखेंगे। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।
यह भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव ने बता दिया कहां से लड़ेंगे चुनाव
अब जबकि कॉलर ट्यून बंद हो चुकी है, सोशल मीडिया पर लोग इसकी चर्चा कर रहे हैं कि अमिताभ बच्चन की वह खास आवाज अब मिस की जाएगी या नहीं। इतना जरूर है कि यह ट्यून देश के हर कोने में सुनी गई और साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभा गई।









