लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात सदस्य और कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वॉन्टेड गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट कर आज भारत लाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही NIA की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अनमोल के साथ कुछ अन्य लोगों को भी इसी फ्लाइट से भारत भेजा गया है।
2022 से था फरार, विदेश से चलाता था नेटवर्क
अनमोल बिश्नोई पिछले करीब तीन वर्षों से अमेरिका में रह रहा था और वहीं से लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी ब्रार के नेटवर्क को निर्देश देता था। जांच एजेंसियों के अनुसार, 2020 से 2023 के बीच उसने कई घटनाओं की योजना बनाने, शूटरों को निर्देश देने और रंगदारी वसूली में सक्रिय भूमिका निभाई। NIA ने मार्च 2023 में उसके खिलाफ चार्जशीट दायर की थी, जिसके बाद से उसे पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए थे।
सलमान खान के घर फायरिंग और अन्य मामलों में वॉन्टेड
महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि अनमोल का संबंध अप्रैल 2024 में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग से भी बताया गया है। इस मामले में वह एक महत्वपूर्ण आरोपी है, इसलिए मुंबई पुलिस उसकी कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन देगी। देशभर में उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं और केंद्र सरकार यह तय करेगी कि आगे उसे किस एजेंसी की हिरासत में भेजा जाए।
फर्जी पासपोर्ट के सहारे लगातार बदलता रहा लोकेशन
सूत्रों के मुताबिक अनमोल अमेरिका और कनाडा में बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से रूस का फर्जी पासपोर्ट भी मिला था। पिछले साल नवंबर में अमेरिकी एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया था। NIA ने अनमोल पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस से भी रहा कनेक्शन
अनमोल का नाम 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी उछला था। इस बीच, दिवंगत एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने पुष्टि की कि उन्हें एजेंसियों की ओर से ईमेल मिला है कि अनमोल को भारत भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनमोल के अपराधों का जवाब उसे भारतीय अदालतों के सामने देना होगा।
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार JDU विधानमंडल दल और सम्राट चौधरी BJP विधायक दल के नेता बनें
बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में जांच तेज होने की उम्मीद
12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कई सदस्य गिरफ्तार हुए और पुलिस ने MCOCA के तहत कार्रवाई की। इस मामले में 26 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अनमोल, शुभम लोंकर और जीशान मोहम्मद अख्तर फरार थे।









