इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या के चलते उन्हें कम से कम 10 से 12 हफ्तों के आराम की जरूरत है। यह चोट उन्हें 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान लगी थी, जहां वे अपना पूरा स्पेल भी नहीं डाल सके थे।
प्रदर्शन भी रहा निराशाजनक
इस सीजन खलील अहमद का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 5 मैचों में सिर्फ 2 विकेट लिए, जिससे टीम को शुरुआती झटकों से जूझना पड़ा।
हालांकि, टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने हाल ही में लगातार दो जीत के बाद कहा था कि टीम अब लय में लौट रही है। लेकिन खलील के बाहर होने से संतुलन फिर बिगड़ता नजर आ रहा है।
पहले ही एलिस हो चुके हैं बाहर
गौरतलब है कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी चोट के चलते IPL 2026 से बाहर हो गए थे। अब खलील के बाहर होने से टीम की तेज गेंदबाजी इकाई और कमजोर हो गई है।
कौन ले सकता है जगह?
खलील अहमद के बाहर होने के बाद CSK के पास सीमित विकल्प बचे हैं।
पहला नाम मुकेश चौधरी का है, जो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और IPL में 16 मैचों में 17 विकेट ले चुके हैं। उनका अनुभव टीम के लिए काम आ सकता है।
दूसरा विकल्प रामकृष्ण घोष हैं, जिन्हें चेन्नई ने 2025 मेगा ऑक्शन से पहले खरीदा था और इस सीजन के लिए बरकरार रखा। हालांकि, उन्हें अब तक IPL में डेब्यू का मौका नहीं मिला है, लेकिन वे तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में टीम को संतुलन दे सकते हैं।
टीम मैनेजमेंट के सामने चुनौती
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि CSK मैनेजमेंट किस खिलाड़ी पर भरोसा जताता है। टूर्नामेंट के अहम चरण में गेंदबाजी विभाग की कमजोरी टीम की राह मुश्किल बना सकती है।
यह भी पढ़ें: सीएम सम्राट चौधरी से मिले अनंत सिंह, कर डाली यह मांग
खलील अहमद की चोट ने CSK के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है, और आने वाले मैचों में टीम की रणनीति पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है।









