बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार, 15 अक्टूबर को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में 12 नामों की घोषणा की गई है, जिनमें कई नए चेहरे शामिल हैं, वहीं कुछ मौजूदा नेताओं के टिकट काट दिए गए हैं। इस सूची की सबसे बड़ी चर्चा बनी लोकगायिका मैथिली ठाकुर, जिन्हें पार्टी ने अलीनगर सीट से मैदान में उतारा है।
मैथिली ठाकुर को मिला टिकट, एक दिन पहले ही हुई थीं बीजेपी में शामिल
लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने 14 अक्टूबर को बीजेपी का दामन थामा था और अगले ही दिन उन्हें अलीनगर सीट से पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया। मैथिली की लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी ने यह फैसला लिया है, जिसे एक चौंकाने वाला लेकिन रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
इन नेताओं के कटे टिकट
बीजेपी की दूसरी सूची के साथ ही कई पुराने चेहरों के टिकट काटे गए हैं:
- अलीनगर से मिश्री लाल यादव का टिकट कटा, स्थान पर मैथिली ठाकुर को मौका
- बाढ़ से ज्ञानेंद्र ज्ञानू का नाम हटाकर डॉ. सियाराम सिंह को उम्मीदवार बनाया
- छपरा से सीएन गुप्ता का टिकट कटा, छोटी कुमारी को टिकट
- गोपलगंज से कुसुम देवी की जगह सुभाष सिंह को टिकट
- अगिआंव से शिवेश कुमार की जगह महेश पासवान को उम्मीदवार बनाया गया
- मुजफ्फरपुर से पिछली बार हारें सुरेश शर्मा की जगह रंजन कुमार को प्रत्याशी बनाया है.
बीजेपी की दूसरी सूची में घोषित 12 प्रत्याशी:

अब तक 83 प्रत्याशियों की घोषणा
गौरतलब है कि बीजेपी ने इससे पहले 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। दूसरी सूची के साथ अब पार्टी ने अपने हिस्से की 101 सीटों में से 83 पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शेष सीटों पर जल्द ही प्रत्याशियों की सूची सामने आने की उम्मीद है।
चुनावी समीकरण साधने की कोशिश
बीजेपी की इस सूची में नए चेहरों और दलबदलुओं को मौका देने की रणनीति साफ झलक रही है। बक्सर से आनंद मिश्रा, जो पहले जन सुराज से जुड़े थे, को टिकट देना इसका उदाहरण है। वहीं, बनियापुर से राजद छोड़कर आए केदारनाथ सिंह को मैदान में उतारकर बीजेपी ने सियासी संतुलन साधने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: धनतेरस पर इन 4 राशियों को होगा जबरदस्त लाभ
बीजेपी ने दूसरी सूची जारी कर यह संकेत दे दिया है कि वह नए चेहरों, चर्चित शख्सियतों और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन कर रही है। अब देखना होगा कि पार्टी की यह रणनीति मतदाताओं को कितना लुभा पाती है।









