महाराष्ट्र में मुंबई सहित 29 नगर निगमों के लिए होने वाला मतदान गुरुवार शाम 5:30 बजे समाप्त हो गया। राज्य के शहरी इलाकों में इस चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पुणे, नागपुर समेत सभी प्रमुख नगर निगमों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के 227 वार्डों के लिए यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। इस बार मुंबई में 1,700 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि कुल मतदाताओं की संख्या 1.03 करोड़ से अधिक रही। चुनाव आयोग के मुताबिक, सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग प्रक्रिया तय समय के अनुसार और कुल मिलाकर शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।
नवी मुंबई में पोलिंग स्टेशन पर कोबरा निकलने से मचा हड़कंप
मतदान के दौरान नवी मुंबई के शिरवणे इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पोलिंग स्टेशन पर अचानक कोबरा सांप दिखाई दिया। लक्ष्मीबाई सुतार प्राइमरी हेल्थ सेंटर में बने पोलिंग स्टेशन नंबर 21/1 पर वोट डालने आए लोगों की भीड़ के बीच सांप दिखते ही कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
हालांकि स्थिति को जल्द ही संभाल लिया गया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी की मदद से कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी मतदाता या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। कुछ समय के लिए मतदान रोका गया, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य होने पर वोटिंग दोबारा शुरू कर दी गई।
पूरे राज्य में शांतिपूर्ण मतदान
अधिकारियों के अनुसार, मुंबई के अलावा राज्य की 28 अन्य नगर निगमों में भी मतदान बिना किसी बड़े व्यवधान के संपन्न हुआ। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसकी वजह से ज्यादातर इलाकों में चुनावी प्रक्रिया सुचारु रूप से चली।
मुंबई में किस पार्टी ने कितनी सीटों पर उतारे उम्मीदवार?
मुंबई नगर निगम चुनाव में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। सीटों के अंतिम बंटवारे के अनुसार—
- बीजेपी ने 137 सीटों पर उम्मीदवार उतारे
- एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है
- एनसीपी ने 94 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए
- शिवसेना (यूबीटी) ने 163 उम्मीदवार मैदान में उतारे
- कांग्रेस ने 143 सीटों पर चुनाव लड़ा
- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने 52 उम्मीदवार उतारे
- वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) ने 46 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए
यह भी पढ़ें: पुरुष प्रेग्नेंट हो सकते हैं? भारतीय मूल की डॉक्टर और अमेरिकी सीनेटर आमने-सामने
अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि मुंबई और अन्य नगर निगमों की सत्ता की कमान किसके हाथ में जाएगी।









