Salman Khan on arijit singh: बॉलीवुड दबंग सलमान खान और फेमस सिंगर अरिजीत सिंह के बीच चल रहे विवाद के बीच सलमान खान का बयान सामने आया है। बिग बॉस 19 के ताज़ा वीकेंड का वार एपिसोड में हंसी, यादें और इमोशनल लम्हों का सुंदर मेल देखने को मिला। शो के होस्ट सलमान खान ने अपनी मशहूर हाज़िरजवाबी से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, लेकिन इस बार उन्होंने सबको चौंका दिया जब उन्होंने गायक अरिजीत सिंह के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे मतभेद पर खुलकर बात की।
सलमान ने अरिजीत के साथ मनमुटाव पर की बात
एपिसोड के दौरान कॉमेडियन रवि गुप्ता स्पेशल गेस्ट के रूप में आए और अपनी मज़ेदार बातचीत से माहौल हल्का कर दिया। सलमान से मिलते ही रवि ने मज़ाक में कहा, ‘मैं आपसे मिलने से थोड़ा नर्वस था।
सलमान ने पूछा, क्यों?
रवि ने जवाब दिया, क्योंकि मैं अरिजीत सिंह जैसा दिखता हूं।
इस पर सेट पर मौजूद सभी लोग, यहां तक कि सलमान खुद भी, हंस पड़े। लेकिन इसके बाद सलमान की प्रतिक्रिया ने सबको हैरान कर दिया।
मुस्कुराते हुए सलमान ने कहा, ‘अरिजीत और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं। जो मिसअंडरस्टैंडिंग थी, वो मेरी तरफ से थी। उसके बाद उसने मेरे लिए गाने भी गाए, टाइगर में भी गाया था, अब गलवान में भी गा रहा है।’
यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव: BJP ने 101 सीटों पर उम्मीदवार तय किए, बाकियों को कितनी सीट मिली?
सलमान और अरिजीत का विवाद
बता दें कि, दोनों के बीच का यह मतभेद 2014 का है, जब सलमान खान ने एक अवॉर्ड शो होस्ट किया था। उसी मंच पर अरिजीत सिंह चप्पल पहनकर और कैज़ुअल लुक में अपना अवॉर्ड लेने पहुंचे थे।
सलमान ने मज़ाक में पूछा, ‘सोकर आए हो क्या?’
इस पर अरिजीत ने भी मज़ाक में जवाब दिया, ‘आप लोगों ने सुला दिया।’
यह बातचीत तो मज़ाक में हुई थी, लेकिन खबरों के मुताबिक यह बात सलमान को पसंद नहीं आई।
2016 में अरिजीत ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट लिखकर सलमान से माफ़ी भी मांगी थी और उनसे गुज़ारिश की थी कि सुल्तान फिल्म में उनका गाना बरकरार रखा जाए। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार, बाद में सलमान की कई फिल्मों से अरिजीत के गाने हटा दिए गए, जिससे उनके बीच मतभेद की खबरें और तेज़ हो गईं।
आख़िरकार बात तब साफ हुई जब अरिजीत सिंह ने 2023 में सलमान की फिल्म टाइगर 3 के गाने “ले के प्रभु का नाम” को अपनी आवाज़ दी, जिसे दर्शकों ने दोनों के सुलह का पक्का सबूत माना।









