Jaish Terrorists Enter in bihar: बिहार पुलिस ने पाकिस्तान से आए तीन आतंकियों के राज्य में नेपाल के रास्ते घुसने की सूचना के बाद हाई अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने तीनों आतंकियों के स्केच भी जारी किए हैं। ये आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
इनकी पहचान इस प्रकार हुई है,
- हसनैन अली, निवासी रावलपिंडी
- आदिल हुसैन, निवासी उमरकोट
- मोहम्मद उस्मान, निवासी बहावलपुर
पुलिस ने बताया कि ये आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे और पिछले हफ्ते चुनावी माहौल वाले बिहार में दाखिल हो गए। अब उनके पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी बिहार के सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ साझा की गई है।
आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- ‘हमारे बेटे की आत्महत्या के लिए ChatGPT जिम्मेदार’, पैरेंट्स ने OpenAI और CEO पर किया मुकदमा
पीएम मोदी की आतंकियों को चेतावनी
पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की धरती से 22 अप्रैल की त्रासदी के पीछे छिपे आतंकियों को खत्म करने का संकल्प लिया था।
भारतीय सशस्त्र बलों ने इस हमले में पाकिस्तानी कनेक्शन मिलने के बाद 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था और पाकिस्तान तथा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों के कई ठिकानों पर हमला किया।
इन हमलों में 100 से अधिक आतंकी ढेर किए गए थे। पिछले हफ्ते बिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर, एक संकल्प था, जो मैंने बिहार की धरती पर लिया था।
उन्होंने कहा, ‘अब संदेश साफ है-भारत की धरती पर वार करने वाला कोई भी आतंकी बच नहीं पाएगा। हमारी मिसाइलें उन्हें धरती के सबसे गहरे हिस्से (पाताल लोक) से भी खोज निकालेंगी।’









