President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलिकॉप्टर बुधवार को पथानामथिट्टा के प्रामादम में उतरने के बाद नवनिर्मित कंक्रीट हेलीपैड पर फंस गया। हेलिकॉप्टर को मूल रूप से निलक्कल में उतरना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण योजना में बदलाव किया गया। बाद में पुलिस और फायर फोर्स के कर्मियों ने संयुक्त रूप से हेलिकॉप्टर को कंक्रीट से बाहर निकाला।
वहां से राष्ट्रपति पांच चार-पहिया वाहनों और एक एम्बुलेंस के काफिले के साथ स्वामी अय्यप्पन रोड और पारंपरिक तीर्थ मार्ग के माध्यम से सन्निधानम तक जाएंगी। त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (TDB) के अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पहले ही काफिले का रिहर्सल भी किया गया था।
यह भी पढ़ें- दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई ज़हरीली, अक्षरधाम के आसपास AQI 360
दर्शन के बाद, राष्ट्रपति मुर्मू शाम को तिरुवनंतपुरम लौटेंगी। गुरुवार को वह राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के. आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी, वर्कला स्थित शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी और कोट्टायम के पाला में स्थित सेंट थॉमस कॉलेज की प्लेटिनम जुबली समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू अपनी केरल यात्रा का समापन 24 अक्टूबर को एर्नाकुलम के सेंट टेरेसा कॉलेज की शताब्दी समारोह में शामिल होकर करेंगी।









