Haridwar Stampede: उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित मां मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह मची भगदड़ में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ, जब मंदिर परिसर में भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी। बताया जा रहा है कि एक ओवरहेड बिजली की लाइन टूटने की अफवाह फैली, जिससे श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई।
हरिद्वार के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा, ‘हमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 6 की मौत हो चुकी है। बाकी का इलाज चल रहा है।’
यह भी पढ़ें- School Building Collapse: क्लास में पढ़ रहे थे बच्चे तभी भरभराकर गिरी स्कूल की छत, 5 बच्चों की मौत
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया भगदड़ का कारण मंदिर मार्ग से करीब 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर करंट लगने की अफवाह थी। मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा:
‘SDRF, स्थानीय पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं और राहत-बचाव कार्य में लगे हुए हैं। मैं स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं और स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।’
यह दुखद घटना एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन की गंभीरता और सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर करती है।









