देश की राजधानी दिल्ली के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके चाणक्यपुरी में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। यह घटना और भी चौंकाने वाली तब हो गई जब पता चला कि शिकार कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि तमिलनाडु से कांग्रेस की लोकसभा सांसद आर. सुधा थीं।
सूत्रों के अनुसार, सांसद सुधा सुबह करीब 6 बजे रोज़ाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। वे तमिलनाडु भवन के पास टहल रही थीं, तभी बाइक पर सवार एक युवक अचानक आया और उनकी सोने की चेन झपट कर फरार हो गया। इस दौरान धक्का-मुक्की में सुधा की गर्दन पर चोट भी आई, जिससे वे सदमे में हैं।
दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए 10 से ज्यादा टीमें बनाई गई हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मोबाइल टावर से मिले डंप डेटा का भी विश्लेषण किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और आसपास की संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल हो रही है।
इस घटना ने संसद भवन से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब संसद का मानसून सत्र चल रहा है और इलाके में विशेष सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए।

घटना के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सांसद सुधा को लोकसभा अध्यक्ष के पास लेकर गईं और इस मामले को सदन में भी उठाने की बात कही। वहीं सुधा ने खुद गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मामले की गंभीरता को रेखांकित किया। पत्र में उन्होंने कहा, “इस हमले में मेरी गर्दन पर गंभीर चोट आई है और मैं मानसिक रूप से आहत हूं। अगर देश की राजधानी के हाई-सिक्योरिटी जोन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो देश के बाकी हिस्सों में सुरक्षा की क्या गारंटी है?”
यह भी पढ़ें: प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार केस में उम्रकैद की सजा
फिलहाल तमिलनाडु भवन और उसके आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लेकिन यह घटना दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा कर रही है। आम लोगों से लेकर नेताओं तक, हर कोई हैरान है कि इतनी सख्त निगरानी वाले क्षेत्र में अपराधी इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।









