CSKvSRH: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 18 मई को होने वाला मुकाबला अब सिर्फ प्लेऑफ की जंग नहीं रह गया है. इस मैच से पहले सबसे बड़ी चर्चा महेंद्र सिंह धोनी की संभावित वापसी को लेकर हो रही है.
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले पर करोड़ों क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हैं, क्योंकि लंबे समय से चोट के कारण बाहर चल रहे धोनी के मैदान पर उतरने की उम्मीद एक बार फिर बढ़ गई है.
चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर रहे धोनी
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने जानकारी दी थी कि एमएस धोनी काफ स्ट्रेन यानी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं. शुरुआत में माना जा रहा था कि वह कुछ मुकाबलों के बाद टीम में वापसी कर लेंगे, लेकिन उनकी रिकवरी अपेक्षा से ज्यादा लंबी चली.
टीम मैनेजमेंट धोनी की फिटनेस को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता था. विकेटकीपिंग के दौरान तेज मूवमेंट, रनिंग और मैच फिटनेस को लेकर लगातार मेडिकल टीम निगरानी कर रही थी. यही वजह रही कि पूरे सीजन चेन्नई के फैंस अपने सबसे बड़े स्टार को मैदान पर नहीं देख पाए.
माइकल हसी और फ्लेमिंग ने दिए संकेत
सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने हाल ही में कहा था कि धोनी नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. हालांकि टीम उनकी रनिंग और लंबे समय तक मैदान पर सक्रिय रहने की क्षमता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त होना चाहती थी.
वहीं हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी खुलासा किया कि टीम ने धोनी की जल्दी वापसी कराने की कोशिश की थी, लेकिन एक वॉर्म-अप मैच के दौरान उनकी चोट फिर उभर आई. इसके बाद फ्रेंचाइजी ने फैसला किया कि उन्हें पूरी तरह फिट होने तक आराम दिया जाएगा.
अश्विन के बयान से बढ़ीं उम्मीदें
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन आश्विन के बयान के बाद धोनी की वापसी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं. अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने दावा किया कि धोनी पिछले कुछ मैचों से खेलने के लिए तैयार थे और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनके खेलने की अच्छी संभावना है.
इसके बाद सोशल मीडिया पर #DhoniReturn तेजी से ट्रेंड करने लगा. चेन्नई के फैंस इस मुकाबले को अब एक भावनात्मक अवसर के तौर पर भी देख रहे हैं.
क्या चेपॉक में होगा धोनी का आखिरी मैच?
धोनी ने 2021 में चेन्नई को खिताब जिताने के बाद कहा था कि वह अपना आखिरी टी20 मुकाबला चेन्नई में खेलना चाहेंगे. ऐसे में पांच साल बाद चेपॉक में होने वाले सीएसके के इस आखिरी लीग मैच को संभावित फेयरवेल मुकाबले के तौर पर भी देखा जा रहा है.
हालांकि धोनी ने अब तक संन्यास को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन अगर वह इस मैच में मैदान पर उतरते हैं तो चेपॉक स्टेडियम का माहौल ऐतिहासिक बन सकता है.
CSK के लिए क्यों अहम है धोनी की मौजूदगी?
महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान माने जाते हैं. उनकी मौजूदगी टीम के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देती है. प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए चेन्नई के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है.
यह भी पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव से पहले योगी सरकार का OBC आरक्षण पर बड़ा फैसला
अगर धोनी खेलते हैं तो उन्हें विकेटकीपर बल्लेबाज या इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में इस्तेमाल किया जा सकता है. भले ही उनकी भूमिका सीमित हो, लेकिन मैदान पर उनकी मौजूदगी ही फैंस के लिए किसी बड़े जश्न से कम नहीं होगी.









