टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल करते हुए लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और क्रिकेट जगत से लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है।
इसी बीच भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक खास संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। धोनी ने टीम इंडिया की इस बड़ी उपलब्धि पर खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और दुनियाभर के भारतीय प्रशंसकों को बधाई दी।
गौतम गंभीर के लिए धोनी की खास टिप्पणी
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में धोनी ने टीम के शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए लिखा कि अहमदाबाद में इतिहास बनते देखना बेहद खास पल था। इसी पोस्ट में उन्होंने टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के लिए एक हल्का-फुल्का लेकिन दिलचस्प संदेश भी लिखा।
धोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कोच की मुस्कान उन पर काफी अच्छी लगती है और जब उनकी तीव्रता उस मुस्कान के साथ जुड़ती है तो यह एक बेहद खतरनाक संयोजन बन जाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और फैंस से इस ऐतिहासिक पल को खुलकर सेलिब्रेट करने की भी अपील की। साथ ही जसप्रीत बुमराह का जिक्र करते हुए उन्होंने मजाक में लिखा कि उनके बारे में ज्यादा कुछ न ही कहा जाए तो बेहतर है, क्योंकि वह एक चैंपियन गेंदबाज हैं।
View this post on Instagram
कोच बनने के बाद टीम की शानदार यात्रा
गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में टीम इंडिया के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ उनकी जोड़ी ने टीम को नई ऊर्जा दी है।
इस जोड़ी की सबसे खास बात यह रही कि उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने अब तक कोई भी टी20 सीरीज नहीं गंवाई है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इस जोड़ी ने अपनी सफलता को और मजबूत कर दिया है।
फाइनल में भारत का दमदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन ने शानदार अर्धशतक लगाकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए, जबकि अक्षर पटेल ने तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
फाइनल में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि टीम इंडिया टी20 क्रिकेट में दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक है।









