आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की और रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया। क्रिकेट फैंस के साथ-साथ बॉलीवुड सितारों ने भी सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की तारीफ करते हुए उन्हें बधाई दी।
शाहरुख खान ने दी टीम को सलामी
बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर टीम इंडिया की शानदार जीत की सराहना की। उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया और देश को गर्व महसूस कराया। उन्होंने खिलाड़ियों को “मेन इन ब्लू” कहते हुए उन्हें असली चैंपियन बताया और कहा कि मैदान पर उनका खेल देखना हर भारतीय के लिए गर्व का पल था।
अमिताभ बच्चन ने मजेदार अंदाज में दी बधाई
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर टीम के ट्रॉफी उठाते हुए कुछ तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ ही उन्होंने अपने खास अंदाज में लिखा कि उन्होंने सोचा था कि अगर मैच नहीं देखेंगे तो भारत जीत जाएगा—और आखिरकार ऐसा ही हुआ।
अक्षय कुमार का मजेदार रिएक्शन
अक्षय कुमार ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए अपने अंदाज में खुशी जताई। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म भूत बंगला से जुड़ा एक मजेदार GIF शेयर करते हुए लिखा कि भारत के वर्ल्ड कप जीतने से हर घर में जश्न का माहौल है।
अजय देवगन ने जताई खुशी
अजय देवगन ने भी सोशल मीडिया पर टीम की जीत का जश्न मनाया। उन्होंने लिखा कि मैच के दौरान इतनी जोर से चीखे कि गला बैठ गया, लेकिन चेहरे की मुस्कान पूरे हफ्ते रहने वाली है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया ने अरबों भारतीयों का दिल गर्व से भर दिया।
महेश बाबू ने की टीम की तारीफ
साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ने भी भारतीय टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए पूरी दुनिया को अपनी ताकत दिखाई। उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की।
विवेक ओबेरॉय ने लिखा लंबा नोट
विवेक ओबेरॉय ने टीम इंडिया की जीत पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम ने अपनी इच्छाशक्ति और दमदार प्रदर्शन से सभी मिथकों को तोड़ दिया। उन्होंने यह भी कहा कि फाइनल में भारत द्वारा बनाया गया 255 रन का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया। साथ ही भारत इस टूर्नामेंट का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम भी बन गया।
सनी देओल ने लगाया ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ का नारा
सनी देओल ने टीम इंडिया की जीत पर उत्साह भरे अंदाज में बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने बिना किसी डर के पूरे जोश के साथ खेलते हुए देश को गर्व महसूस कराया। उन्होंने खास तौर पर जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, ईशान किशन, अक्षर पटेल, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे की तारीफ की।
अनुष्का शर्मा ने दी खास बधाई
बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया।
यह भी पढ़ें: भारत की ऐतिहासिक जीत पर धोनी ने गौतम गंभीर को लेकर कही दिलचस्प बात
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश को गर्व का मौका दिया है। क्रिकेट के मैदान पर मिली इस सफलता का जश्न अब खेल जगत से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर जगह देखने को मिल रहा है।








