NEET Exam: नीट पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्रों को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने साफ कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेगी और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अगले साल से NEET परीक्षा पारंपरिक OMR शीट की जगह कंप्यूटर बेस्ड मोड में कराई जाएगी।
21 जून को फिर होगी NEET UG 2026 परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा दोबारा कराने की तारीख 21 जून तय की है। यह परीक्षा पहले 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उन्हें परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी किए जाएंगे।
“पेपर लीक की पुष्टि होते ही लिया गया फैसला”
धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि 7 मई को NTA को जानकारी मिली थी कि कुछ तथाकथित गेस पेपर के सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खा रहे हैं। इसके बाद केंद्र सरकार और एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि जब यह स्पष्ट हो गया कि पेपर लीक हुआ है, तब सरकार ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया ताकि ईमानदारी से तैयारी करने वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं। छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि सरकार हर स्तर पर मामले की निगरानी कर रही है।
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
सरकार ने NEET पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि शिक्षा माफिया और परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अगले साल से बदल जाएगा परीक्षा का स्वरूप
शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए NEET परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। अगले वर्ष से परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। इससे पेपर सुरक्षा मजबूत होगी और लीक जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Petrol-Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा, सरकार ने बढ़ाए दाम
छात्रों में चिंता, लेकिन सरकार ने भरोसा दिलाया
पेपर लीक विवाद के बाद देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। हालांकि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि दोबारा परीक्षा निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जाएगी और योग्य छात्रों के हितों की पूरी रक्षा की जाएगी।









