पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को पिछले सप्ताह वॉशरूम में दो बार बेहोशी का दौरा पड़ने के बाद सोमवार को दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती करने की सलाह दी है और उनका MRI किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि 10 जनवरी को धनखड़ को अचानक बेहोशी आई थी। इससे पहले भी वे कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान बेहोश हो चुके हैं। इनमें कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली के कार्यक्रम शामिल हैं। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने 21 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था।
मानसून सत्र के पहले दिन दिया था इस्तीफा
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को राज्यसभा की कार्यवाही का संचालन किया था। उसी दिन रात को उनके आधिकारिक खाता से उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे की सूचना आई। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया था। हालांकि, उनके अचानक इस्तीफे के बाद विपक्ष और कई राजनीतिक विश्लेषकों ने इस पर सवाल उठाए और कहा कि इसके पीछे स्वास्थ्य के अलावा अन्य कारण हो सकते हैं।
सरकारी आवास के लिए लिखा पत्र
कुछ महीने पहले खबर आई थी कि उनके इस्तीफे के पांच महीने बाद भी उन्हें सरकारी आवास नहीं मिला था। इस संबंध में 22 अगस्त को उन्होंने आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव को पत्र लिखकर पूर्व उपराष्ट्रपतियों को मिलने वाले आधिकारिक आवास की मांग की थी।
पूर्व उपराष्ट्रपति को मिलने वाली सुविधाएं
पूर्व उपराष्ट्रपति को भारत सरकार से कई सुविधाएं मिलती हैं। इनमें मासिक दो लाख रुपये की पेंशन, टाइप-8 बंगला, एक निजी सचिव, एक अतिरिक्त निजी सचिव, एक निजी सहायक, एक डॉक्टर, एक नर्सिंग अफसर और चार निजी सहायक शामिल हैं। उनके निधन के बाद उनके जीवनसाथी को टाइप-7 बंगले में रहने का अधिकार मिलता है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: किसान के आत्महत्या मामले में पुलिस पर हुआ बड़ा एक्शन
पूर्व उपराष्ट्रपति की सेहत को लेकर अभी सभी की नजरें दिल्ली एम्स में हो रही जांच पर हैं, और उनके स्वास्थ्य अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।









