Gold Rate Today: आज देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितता, मिडिल ईस्ट में तनाव और घरेलू बाजार में बढ़ती मांग के चलते कीमती धातुओं के दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं। शादी-विवाह के सीजन और निवेशकों की बढ़ती रुचि ने भी बाजार को मजबूती दी है।
देश के प्रमुख शहरों में आज 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया। वहीं 22 कैरेट सोना भी 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर कारोबार कर रहा है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले सोने के दाम में प्रति ग्राम 80 से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,52,880 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जबकि मुंबई में इसका भाव 1,52,680 रुपये दर्ज किया गया। चेन्नई में सोना सबसे महंगा बिक रहा है, जहां कीमत 1,53,840 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। लखनऊ में भी सोना दिल्ली के बराबर 1,52,880 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ा उछाल आया है। देश में आज चांदी का भाव करीब 2.75 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में चांदी 2,70,100 रुपये प्रति किलो रही, जबकि नोएडा में कीमत 2,75,000 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई। चेन्नई में चांदी 2,74,900 रुपये प्रति किलो और लखनऊ-कानपुर में 2,70,100 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बनी रही।
विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने और चांदी की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। इसके अलावा दुनिया के कई केंद्रीय बैंक लगातार अपने गोल्ड रिजर्व बढ़ा रहे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक भी विदेशी बैंकों में जमा सोने को वापस देश में लाने की प्रक्रिया तेज कर चुका है, जिससे बाजार में गोल्ड की चर्चा और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु राज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए विजय से रखी शर्त
घरेलू बाजार में भी मांग मजबूत बनी हुई है। शादी के सीजन में गहनों की खरीदारी बढ़ने से ज्वेलरी बाजार में रौनक लौट आई है। कारोबारियों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात ऐसे ही बने रहे और मांग मजबूत रही, तो आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है।








