देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब और विदर्भ के कुछ इलाकों में तेज और भारी वर्षा की संभावना है।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207 मीटर के पार
राजधानी दिल्ली में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर 207 मीटर तक पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक 7,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
इन लोगों को 25 राहत शिविरों में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। ये शिविर तंबू, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बनाए गए हैं। राहत और बचाव कार्य पूर्वी, उत्तर, दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पूर्व और मध्य दिल्ली जिलों में प्रमुख रूप से चल रहा है।
हिमाचल और पंजाब में स्कूल-कॉलेज बंद
भारी वर्षा से प्रभावित हिमाचल प्रदेश में प्रशासन ने 7 सितंबर तक सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस अवधि में ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।
वहीं, पंजाब सरकार ने भी राज्य में बाढ़ के खतरे को देखते हुए सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद रखने का आदेश जारी किया है।

राजस्थान में टाइगर और लायन सफारी भी ठप
राजस्थान में लगातार हो रही बारिश के कारण पर्यटन पर भी असर पड़ा है। नाहरगढ़ जैविक उद्यान स्थित लायन और टाइगर सफारी को सात दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
एसीएफ देवेंद्र सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि बारिश के कारण सफारी मार्गों पर पानी भर गया है और कीचड़ व फिसलन के चलते वाहनों के फंसने की आशंका है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से इस साल तक आए लोग भारत में रह सकेंगे
देश के विभिन्न राज्यों में भारी वर्षा के चलते बाढ़, जनहानि और अव्यवस्था की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बरसात जारी रहने की संभावना जताई है, ऐसे में आम नागरिकों से सावधानी बरतने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।









