Monsoon Session Live: संसद का मानसून सत्र आज (21 जुलाई) से शुरू हुआ और उम्मीद के मुताबिक लोकसभा और राज्यसभा दोनों में विपक्षी दलों ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ पर चर्चा की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया, जिससे सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
लोकसभा में शोक सन्देश के बाद, कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सांसद खड़े हो गए और ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ पर चर्चा की मांग करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस ऑपरेशन के तहत, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान पर कार्रवाई की थी।
यह भी पढ़ें- ‘ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह सफल रहा, 22 मिनट में आतंकी जमींदोज’, मॉनसून सत्र से पहले बोले PM मोदी
कांग्रेस के सदस्य, सदन के वेल में पहुंचे, जबकि अन्य विपक्षी सदस्य अपनी-अपनी सीटों से विरोध कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी सदन में मौजूद थे।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘अगर सरकार चर्चा को तैयार है, तो विपक्ष के नेता को बोलने दें’
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘अगर वे (सरकार) चर्चा के लिए तैयार हैं तो विपक्ष के नेता को बोलने देना चाहिए। वह खड़े हुए हैं बोलने के लिए, तो उन्हें बोलने का मौका मिलना चाहिए…’
राहुल गांधी बोले, ‘रक्षा मंत्री को बोलने दिया जा रहा है, विपक्ष को क्यों नहीं?’
लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित होने के बाद, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘सवाल यह है कि रक्षा मंत्री को तो सदन में बोलने की अनुमति दी गई, लेकिन विपक्ष के सदस्यों को, जिनमें मैं भी शामिल हूं, जो नेता प्रतिपक्ष हूं। उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी गई… यह एक नई परंपरा है… जबकि सदन की परंपरा कहती है कि जब सरकार की ओर से लोग बोल सकते हैं तो विपक्ष को भी बोलने का मौका मिलना चाहिए…’
राज्यसभा में कांग्रेस का वॉकआउट
राज्यसभा में कांग्रेस ने वॉकआउट किया, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहलगाम आतंकी हमले, ऑपरेशन सिन्दूर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया टिप्पणियों पर जवाब देने की मांग की।









