IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। चयन में जहां श्रेयस अय्यर की वापसी ने ध्यान खींचा, वहीं हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज के लिए नहीं चुना गया है। दोनों खिलाड़ियों को आराम दिए जाने की बात पहले से ही सामने आ चुकी थी।
दरअसल, टीम मैनेजमेंट इस समय अपना पूरा ध्यान आगामी टी20 वर्ल्ड कप पर केंद्रित रखे हुए है। इसी रणनीति के तहत हार्दिक और बुमराह को वनडे सीरीज से दूर रखा गया है। हालांकि, दोनों स्टार खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे।
श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर नजर
श्रेयस अय्यर को वनडे टीम में शामिल तो किया गया है, लेकिन उनका मैदान पर उतरना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। बीसीसीआई ने साफ किया है कि उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से मेडिकल मंजूरी मिलना अभी बाकी है। फिट घोषित होने पर ही अय्यर सीरीज में खेल पाएंगे।
मोहम्मद शमी को फिर नहीं मिला मौका
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज किया है। शमी इस समय बंगाल की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में खेल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में उनके चयन की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अंतिम टीम में उन्हें जगह नहीं मिली।

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का वनडे स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल
*श्रेयस अय्यर का चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर
वनडे सीरीज का पूरा कार्यक्रम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी।
- पहला वनडे: 11 जनवरी – वडोदरा
- दूसरा वनडे: 14 जनवरी – राजकोट
- तीसरा वनडे: 18 जनवरी – इंदौर (होल्कर स्टेडियम)
यह भी पढ़ें: वेनेजुएला पर अमेरिका ने हमला क्यों क्या? जानें पूरी कहानी
टीम इंडिया के इस चयन को भविष्य की तैयारी और वर्कलोड मैनेजमेंट के नजरिए से देखा जा रहा है, जहां युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन बनाने की कोशिश साफ नजर आती है।









